एंटी-चिट्टा अभियान बना जन-आंदोलन : ऊना जिले में मिशन मोड में निर्णायक कार्रवाई

by

सीएम स्वयं कर रहे नेतृत्व, वॉकथॉन के जरिए जन जागरण की अलख

एएम नाथ। ऊना :  मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के संकल्पवान नेतृत्व में नशा-मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रदेशभर में चलाया जा रहा एंटी-चिट्टा अभियान अब एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। इसी क्रम में ऊना जिले में यह अभियान प्रशासन, पुलिस और समाज की सक्रिय सहभागिता के साथ मिशन मोड में प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है।
अभियान का सीधा फोकस युवाओं को चिट्टे जैसे घातक नशे की गिरफ्त से बचाना है। इसके लिए जन-जागरूकता, सख्त प्रवर्तन और सतत निगरानी, तीनों पर समान रूप से जोर दिया जा रहा है। उपायुक्त ऊना जतिन लाल बताते हैं कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का स्पष्ट लक्ष्य नशा-मुक्त हिमाचल का निर्माण है और ऊना जिला उसी दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री स्वयं इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। युवाओं और समाज को सीधे जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वॉकथॉन जैसे प्रभावशाली आयोजन किए जा रहे हैं। राजधानी शिमला के बाद धर्मशाला और हमीरपुर में भी वॉकथॉन का सफल आयोजन हो चुका है, जिनमें हजारों विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सहभागी बनने का संकल्प लिया। इसी क्रम में शीघ्र ही ऊना जिले में भी वॉकथॉन आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि सुनियोजित रणनीति के तहत ऊना जिले की सभी 245 पंचायतों में नशा निवारण समितियों का गठन किया गया है, ताकि नशे के विरुद्ध लड़ाई को गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके। इनमें से चिट्टे की दृष्टि से 10 पंचायतों को संवेदनशील चिन्हित करते हुए वहां विशेष निगरानी और केंद्रित कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक स्वयं इन क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात की समीक्षा कर रहे हैं।
नशा निवारण समितियों में स्थानीय सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को अध्यक्ष तथा संबंधित क्षेत्र के पुलिस हेड कांस्टेबल को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त पंचायत सचिव, महिला मंडल व युवक मंडल प्रतिनिधि, आशा वर्कर, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक और ग्राम रोजगार सहायक को शामिल किया गया है। पंचायत प्रधान, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्य एक्स-ऑफिशियो सदस्य हैं, जिससे सामाजिक सहभागिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नशे के विरुद्ध गठित समितियों को अत्यंत गंभीर जिम्मेदारी सौंपी गई है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित समीक्षा, त्वरित सूचना साझा करना, स्कूलों और समुदायों में जागरूकता, नशे से प्रभावित परिवारों की पहचान और उनके लिए सहायता योजना, इन सभी पहलुओं पर ठोस सामुदायिक एक्शन प्लान के तहत कार्य किया जा रहा है।
उपायुक्त का कहना है कि चिट्टे के उन्मूलन में शिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिले के सभी कॉलेजों और आईटीआई संचालकों को विद्यार्थियों के व्यवहार पर सतत निगरानी रखने और असामान्य लक्षण दिखने पर समय रहते परामर्श व आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
————————-
तस्करी गिरोह की सूचना पर 5 लाख रुपये से अधिक का पुरस्कार : उपायुक्त

उपायुक्त जतिन कुमार ने बताया कि हिमाचल सरकार ने चिट्टा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी इनाम योजना लागू की है। पकड़ी गई चिट्टे की मात्रा के आधार पर 10 हजार से 10 लाख रुपये तक तथा बड़े तस्करी गिरोह की सूचना पर 5 लाख रुपये से अधिक का पुरस्कार दिया जाएगा। नशे से संबंधित सूचना के लिए आपातकालीन नंबर 112 जारी किया गया है। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
—————————
नशे की डिमांड खत्म करना सबसे अहम : एसपी अमित यादव

पुलिस अधीक्षक अमित यादव बताते हैं कि पुलिस नशे के खात्मे को लेकर निर्णायक कार्रवाई कर रही है। उनका कहना है कि नशे की सप्लाई चेन तोड़ना जरूरी है, जिस पर पुलिस निरंतर और सख्ती से कार्रवाई कर रही है, लेकिन नशे की डिमांड खत्म करना सबसे अहम पहलू है।
एसपी ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों और युवाओं के व्यवहार में आने वाले बदलावों को हल्के में न लें, क्योंकि समय पर सजगता ही उन्हें नशे के जाल से बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

हिमाचल प्रदेश

जिला बिलासपुर में कोविड-19 टीकाकरण के लिए 47 स्वास्थ्य संस्थानों पर आज ड्राई रन किया गया – डाॅ0 प्रकाश दरोच

बिलासपुर : मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डाॅ0 प्रकाश दरोच ने बताया कि आज जिला बिलासपुर में कोविड-19 टीकाकरण के लिए 47 स्वास्थ्य संस्थानों /स्कूलों में ड्राई रन किया गया, इसमें हर बूथ पर 5-5...
article-image
हिमाचल प्रदेश

जिला चंबा के 40 स्वास्थ्य केंद्रों में क्रियांवित की जा रही है मुख्यमंत्री निशुल्क निदान योजना

6 लाख 64 हजार 743 टेस्टों के जरिए सरकार ने खर्च किए 3 करोड़ 21 लाख 31 हजार 743 रुपए, एक लाख 24 हजार 482 रोगियों ने लिया योजना का लाभ एएम नाथ। चम्बा...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

150 नशीली गोलियों और 12 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक गिरफ्तार

गढ़शंकर, 20 दिसंबर : थाना गढ़शंकर पुलिस ने 150 नशीली गोलियों और 12 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार कर युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसएसपी होशियारपुर सुरिंदर लांबा और एसपी(आई) सर्ब्ज6 सिंह...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

धमान्दरी के जरूरतमंद परिवार को मिला शासन-प्रशासन का संबल : सरोज कुमारी और उनका बेटा नवीन कुमार मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे

रोहित जसवाल।  ऊना, 29 मार्च. जिला प्रशासन ऊना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमान्दरी पंचायत में एक जरूरतमंद परिवार की कठिन परिस्थितियों में तत्काल सहायता सुनिश्चित की है। कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा और...
Translate »
error: Content is protected !!