कांगड़ स्कूल में अगले वर्ष से शुरू होंगी संगीत शिक्षा की कक्षाएं
रोहित जसवाल। ऊना, 5 सितंबर। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगड़ में आयोजित तीन दिवसीय 41वीं अंडर-14 लड़कों की जोन हरोली खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हो गई। समापन समारोह की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की। प्रतियोगिता में 35 स्कूलों के 346 खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, शतरंज, कुश्ती और बैडमिंटन सहित छह खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री ने विजेता और उपविजेता टीमों के साथ विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों के साथ-साथ शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरोली को शिक्षा और खेलों का हब बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कांगड़ स्कूल में अगले वर्ष से संगीत की पढ़ाई
उपमुख्यमंत्री ने कांगड़ स्कूल के विद्यार्थियों को कई सौगातें देते हुए अगले वर्ष से संगीत शिक्षा की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल में चार कमरों वाले अतिरिक्त भवन के निर्माण, सोलर पावर प्लांट स्थापित करने तथा पानी की निकासी के लिए बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की भी घोषणा की।
उन्होंने संबंधित विभाग के एक्सईएन को ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कांगड़ के वार्ड नंबर-2 और वार्ड नंबर-5 की गलियों के सुधार एवं निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में 13.75 लाख रुपये की लागत से निर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
शिक्षा के साथ खेल और संस्कृति को बढ़ावा
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों के लिए उन्होंने 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) से स्कूल के विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली का दूसरा भवन अगले वर्ष तक तैयार होने की उम्मीद है, जिससे विद्यार्थियों को अतिरिक्त और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि अगले सत्र से महाविद्यालय में एमएससी, लॉ और संगीत की कक्षाएं शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हरोली को खेलों का हब बनाने पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने खेल शिक्षकों, डीपीई और पीईटी से अपना विजन साझा करने का आह्वान किया, ताकि हरोली क्षेत्र में खेलों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा सकें।
उन्होंने कहा कि कांगड़ मैदान में होली के अवसर पर मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रधान को मेले की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके।
केंद्र से धनराशि लाने के लिए लगातार प्रयास
मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में केंद्र सरकार की मदद से निर्माणाधीन विभिन्न पुलों का जिक्र करते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए केंद्र से धनराशि उपलब्ध करवाना भी एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र से धनराशि प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री की ओर से हरोली विधानसभा क्षेत्र में दो और पुलों के निर्माण के लिए सहमति प्रदान की गई है।
कुश्ती में गुरपलाह बना ओवरऑल चैंपियन
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वॉलीबॉल में राजकीय उच्च विद्यालय गुरपलाह विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरोली उपविजेता रहा।
कबड्डी में जीएसएसएस दुलैहड़ ने पहला और जीएसएसएस बीटन ने दूसरा स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में जीएसएसएस हरोली विजेता तथा एएनएम टाहलीवाल उपविजेता रहा।
खो-खो में राजकीय माध्यमिक विद्यालय लोअर ललड़ी विजेता और जीएसएसएस ललड़ी उपविजेता रहा। शतरंज में जीएसएसएस बट्ट कलां ने विजेता तथा जीएसएसएस पालकवाह ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।
कुश्ती में जीएचएस गुरपलाह का दबदबा रहा और स्कूल ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि जीएसएसएस बीटन उपविजेता रहा। प्रतियोगिता की मार्च पास्ट ट्रॉफी पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगड़ ने जीती।
कुश्ती के 35 किलोग्राम भार वर्ग में जीएचएस गुरपलाह के मिथुन कुमार ने स्वर्ण, जीएचएस पालकवाह के भारत ने रजत और जीएचएस गुरपलाह के अमित कुमार ने कांस्य पदक जीता।
38 किलोग्राम में जीएचएस गुरपलाह के नमन सिंह ने स्वर्ण, सचिन कुमार ने रजत और जीएसएसएस गोंदपुर जयचंद के राघव ने कांस्य पदक हासिल किया। 41 किलोग्राम में जीएचएस गुरपलाह के साहिल कुमार ने स्वर्ण, जीएसएसएस बीटन के नीरज ने रजत और जीएसएसएस गोंदपुर जयचंद के तरनजीत ने कांस्य पदक जीता।
44 किलोग्राम वर्ग में जीएसएसएस बीटन के नीरज ने स्वर्ण, जीएसएसएस गोंदपुर जयचंद के ईशान ने रजत और जीएसएसएस बीटन के दिव्यांश ने कांस्य पदक हासिल किया। 52 किलोग्राम में जीएसएसएस बीटन के सत्यम ने स्वर्ण, सतबीर ने रजत और जीएसएसएस गोंदपुर जयचंद के दिलप्रीत ने कांस्य पदक जीता।
57 किलोग्राम भार वर्ग में जीएचएस गुरपलाह के अभिषेक और 75 किलोग्राम में जीएसएसएस बीटन के राम ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
कार्यक्रम में कांगड़ पंचायत प्रधान विनोद कुमार बिट्टू ने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देश राज गौतम, राज्य परिवहन प्राधिकरण सदस्य अशोक ठाकुर, ग्राम पंचायत कांगड़ प्रधान विनोद कुमार बिट्टू, स्कूल प्रधानाचार्य कमलजीत, एसएमसी अध्यक्ष पूनम, उपाध्यक्ष वंदना, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
