एएम नाथ। पालमपुर, 15 अक्तूबर : विधायक आशीष बुटेल ने आज खंड विकास कार्यालय पालमपुर में पंचायतों के जन प्रतिनिधियों के लिए आयोजित बुनियादी प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। बीडीओ कार्यालय परिसर पालमपुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्र की 13 पंचायतों के प्रधानों, उप-प्रधानों और वार्ड सदस्यों से संवाद करते हुए विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएं तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान करना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्रामीण विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका बेहद अहम है। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाएं उनके घर-द्वार के समीप उपलब्ध हों।
इस दौरान पंचायती राज विभाग के विभिन्न अधिकारी कर्मचारी भी मौजूद रहे।
