भरमौर के थल्ला रोड पर हादसा, चचेरे भाइयों में से एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर
एएम नाथ। चम्बा : चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। थल्ला रोड पर सुंकू टपरी के पास एक पिकअप वाहन सड़क का हिस्सा धंसने के कारण लगभग 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन भरमौर से पंसेई की ओर जा रहा था। वाहन में दो चचेरे भाई सवार थे, जो किसी निजी कार्य से यात्रा कर रहे थे। जैसे ही वाहन सुंकू टपरी के समीप पहुंचा, सड़क का डंगा अचानक धंस गया। चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में मदन लाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, उनके चचेरे भाई मनोज कुमार, जो पवन कुमार के पुत्र बताए जा रहे हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। घायल मनोज कुमार को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। अचानक हुई इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और विशेष रूप से बारिश या भूस्खलन संभावित इलाकों में सतर्क रहने की अपील की है।
