कंपनी बाग चौक में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पंजाब सरकार के विरोध में भी लगे नारे; कांग्रेस नेताओं ने UPI टैक्स को लेकर केंद्र पर साधा निशाना
जालंधर। कंपनी बाग चौक (श्रीराम चौक) में शनिवार को केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ कांग्रेस के रोष प्रदर्शन के दौरान उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले के दहन के दौरान कांग्रेस का झंडा भी आग की चपेट में आ गया। कार्यकर्ताओं ने पुतले को संभालने की कोशिश की, इसी दौरान झंडे के एक हिस्से में आग लग गई।
प्रदर्शन का आयोजन कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार की नीतियों और यूपीआई से जुड़े टैक्स के विरोध में किया गया था। प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं शहरी प्रधान राजिंदर बेरी, पार्षद शैरी चड्ढा समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुतला जलाते समय झंडे में लगी आग
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसी दौरान पुतले को संभालने के प्रयास में कांग्रेस का झंडा भी आग की लपटों की चपेट में आ गया और उसका हिस्सा जल गया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत स्थिति को संभालने की कोशिश की।
केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन, पंजाब सरकार के खिलाफ भी नारे
प्रदर्शन के दौरान एक और बात चर्चा में रही। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में कुछ कार्यकर्ता पंजाब सरकार के खिलाफ भी नारे लगाते नजर आए। इससे कुछ देर के लिए प्रदर्शन स्थल पर असमंजस की स्थिति बनी रही।
राजिंदर बेरी ने UPI टैक्स को बताया ‘मोदी टैक्स’
कांग्रेस नेता राजिंदर बेरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए यूपीआई से जुड़े टैक्स को ‘मोदी टैक्स’ बताया। उन्होंने कहा कि यह आम जनता, युवाओं, मध्यम वर्ग और व्यापारियों पर अप्रत्यक्ष बोझ डालने वाला फैसला है और सरकार को इसे वापस लेना चाहिए।
बेरी ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर जनता को यूपीआई टैक्स का ‘गिफ्ट’ दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक समय सरकार ने कैश में टैक्स हेराफेरी रोकने के लिए डिजिटल और यूपीआई लेनदेन को बढ़ावा देने की बात कही थी, जबकि अब इसी डिजिटल भुगतान व्यवस्था पर टैक्स लगाने का फैसला किया जा रहा है।
