दूध के समर्थन मूल्य में 1 दिसंबर से बढ़ोतरी… एमआईएस सेब अब 13 रुपये किलो खरीदा जाएगा : मुख्यमंत्री सुक्खू

by

चिड़गांव जनसभा में मुख्यमंत्री की घोषणाएं; संदासू सिविल अस्पताल, समरकोट में सब-तहसील और चिड़गांव में एसडीएम कार्यालय के लिए सर्वे की घोषणा

एएम नाथ।  रोहड़ू/चिड़गांव। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों, बागवानों तथा पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के चिड़गांव में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 1 दिसंबर से दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने दूध के समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है और आने वाले समय में इसमें और वृद्धि कर पशुपालकों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।May be an image of one or more people and wedding

एमआईएस सेब का खरीद मूल्य 12 से बढ़ाकर 13 रुपये

मुख्यमंत्री ने मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत खरीदे जाने वाले सेब के समर्थन मूल्य में भी एक रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की। अब एमआईएस के तहत सेब 12 रुपये के बजाय 13 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जाएगा।

सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार गांवों की सरकार है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सेब बागवानों को लाभ पहुंचाने के लिए यूनिवर्सल कार्टन व्यवस्था लागू की गई है, जबकि प्राकृतिक खेती के उत्पादों को भी समर्थन मूल्य दिया जा रहा है।May be an image of one or more people, crowd, temple and text

रोहड़ू में सीबीएसई स्कूलों का विस्तार

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि वर्ष 2021 में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान पर था, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश अब पांचवें स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की घटती संख्या को देखते हुए प्रदेश में 150 से अधिक सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं। रोहड़ू के एक स्कूल में सीबीएसई व्यवस्था लागू होने के बाद एक वर्ष में विद्यार्थियों की संख्या में 500 से अधिक की वृद्धि हुई है।

सुक्खू ने कहा कि इन सीबीएसई स्कूलों में 1,500 अध्यापकों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों को भी मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश में 300 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस तैयार किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को वहीं बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो और अभिभावकों पर निजी शिक्षा का आर्थिक बोझ कम हो।

‘भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद किए’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर प्रदेश की संपदा का इस्तेमाल आम लोगों के हित में कर रही है। उन्होंने पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल को लेकर आरोप लगाया कि उस दौरान उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया गया, जबकि वर्तमान सरकार गरीब और आम लोगों के हित में प्रदेश की संपदा का उपयोग कर रही है।

सुक्खू ने कहा कि जब तक वह मुख्यमंत्री हैं, प्रदेश की संपदा को न लूटने दिया जाएगा और न ही लुटने दिया जाएगा। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की लड़ाई में जनता से सहयोग का आह्वान किया।

सीएमओ को लेकर भाजपा के सवालों पर भी बोले

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय को लेकर भाजपा की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय आम लोगों का कार्यालय है, जहां जनता की समस्याओं का समाधान किया जाता है।

उन्होंने वाइल्ड फ्लावर हॉल और जेएसडब्ल्यू मामलों में सर्वोच्च न्यायालय में प्रदेश के हितों की रक्षा करने का दावा किया। किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के खजाने में करीब 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये की आय होने की संभावना है।

OPS, महिलाओं की पेंशन और आपदा राहत का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की है और भविष्य में अन्य कर्मचारियों को भी इसके दायरे में लाया जाएगा।

उन्होंने ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक पेंशन और पात्र परिवारों को 300 यूनिट बिजली उपलब्ध करवाने की बात कही।

आपदा राहत का उल्लेख करते हुए सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में आपदा के दौरान 23 हजार घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए। सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता डेढ़ लाख रुपये से बढ़ाकर साढ़े सात लाख और अब आठ लाख रुपये कर दी है।May be an image of crowd and text

रोहड़ू में कई नई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने चिड़गांव में जनसभा के दौरान कई विकासात्मक घोषणाएं भी कीं। उन्होंने संदासू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्तरोन्नत कर सिविल अस्पताल बनाने, समरकोट में सब-तहसील खोलने तथा चिड़गांव में एसडीएम कार्यालय खोलने के लिए सर्वे करवाने की घोषणा की।

इसके अलावा जांगला और चिड़गांव स्कूलों को सीबीएसई स्कूल बनाने की भी घोषणा की गई।

विधायक ब्राक्टा ने गिनाईं क्षेत्र की उपलब्धियां

स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि मुख्यमंत्री का रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र का यह चौथा दौरा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने सरकार के समक्ष जो मांगें रखीं, उन्हें पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि विकास निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और क्षेत्र की विकासात्मक जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की आय में वृद्धि हुई है और क्षेत्र में दूध उत्पादन को भी बढ़ावा मिला है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवपाल ठाकुर, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

सुक्खू प्रदेश रेल परियोजनाओं में करे केंद्र का सहयोग : जयराम ठाकुर

सुक्खू सरकार की उदासीनता से हिमाचल प्रदेश में रेलवे विस्तार को नहीं मिल रही गति सुक्खू सरकार के सहयोग से हिमाचल में लटक रही है रेल परियोजनाएं एएम नाथ। शिमला : शिमला से जारी...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

पाकिस्तानी ड्रोन हमले में झुलसी महिला की मौत : पति-बेटे का चल रहा इलाज : परिवार को 5 लाख रुपये देगी पंजाब सरकार

 फिरोजपुर जिले के खाई फेमे के गांव में पाकिस्तानी ड्रोन हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई 50 वर्षीय महिला सुखविंदर कौर की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. वह पिछले...
article-image
हिमाचल प्रदेश

DC अपूर्व देवगन ने भी किया रक्तदान : विश्व रेडक्रॉस दिवस पर जिला स्तरीय रक्तदान शिविर का आयोजन

एएम नाथ। मंडी/नेरचौक 08 मई ।   जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, मण्डी द्वारा आज उप-मंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय बल्ह स्थित नेरचौक परिसर में जिला स्तरीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का शुभारंभ उपायुक्त...
article-image
हिमाचल प्रदेश

चिट्ठे के खिलाफ ली शपथ, नशा मुक्त हिमाचल का लिया संकल्प

एएम नाथ। चम्बा : हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण बोर्ड जिला चम्बा के कार्यालय में आज नशे के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एंटी-चिट्टा (नशा विरोधी) शपथ ली।...
Translate »
error: Content is protected !!