रोहड़ू के रचौली और रामपुर के काशापाट स्कूलों को मिलेंगे नए भवन, क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए कुल 15.75 करोड़ रुपये जारी
एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों से किए वादे को पूरा करते हुए शिमला जिले के दो स्कूल भवनों के निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये जारी किए हैं। इनमें रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रचौली और रामपुर विधानसभा क्षेत्र के काशापाट स्कूल के भवन निर्माण के लिए दो-दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
रामपुर स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद के दौरान एक छात्रा ने रचौली स्कूल के नए भवन के लिए मुख्यमंत्री से दो करोड़ रुपये की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की थी। अब योजना विभाग ने इसके लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है।
मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान स्थानीय लोगों की मांगों पर की गई नौ घोषणाओं के लिए कुल 15.75 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनमें रोहड़ू के तांगणू-जांगलिक पंचायत क्षेत्र में सुंदरु खड्ड पर पुल निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये, बरशील पुल के लिए एक करोड़ रुपये और शिशारा में फुट ब्रिज निर्माण के लिए 25 लाख रुपये शामिल हैं। रोहड़ू में अंबेडकर भवन के निर्माण के लिए भी 50 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
इसी तरह रामपुर विधानसभा क्षेत्र में धनदोल से काशापाट तक क्रैश बैरियर लगाने के लिए दो करोड़ रुपये तथा जबल से खाबल सड़क के सुधार और क्रैश बैरियर लगाने के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सरकार के अनुसार, ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय लोगों की समस्याओं और मांगों पर कार्रवाई करते हुए विकास कार्यों के लिए धनराशि जारी की जा रही है। इन स्वीकृतियों से क्षेत्र में शिक्षा, सड़क संपर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
