अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश, मरीजों से मिलकर जाना हाल
एएम नाथ। शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला के चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान का दौरा कर वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों को विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से चिकित्सा सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और नर्सिंग स्टाफ से बातचीत कर अस्पताल में दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. बृज शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
