लेह लद्दाख के गांवों में कामयाबी के बाद अब तीर्थन घाटी में मशरूम उत्पादन की नई पहल।

by

एचवीटी फाउंडेशन

बठाहड़ में 26 से 28 नवंबर तक करवाएगा तीन दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण।

लखनऊ से पहुंचेंगे विशेषज्ञ प्रशिक्षक, प्रतिभागी को
प्रशिक्षण पूरा करने पर दिया जाएगा ऑनलाइन डिप्लोमा।

तीर्थन घाटी में मशरूम की खेती को मिलेगा बढ़ावा,
महिलाओं और युवाओं को मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान।

तीर्थन घाटी गुशैनी (परस राम भारती):- जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल की तीर्थन घाटी में ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हिमालयन वॉलंटियर टूरिज्म फाउंडेशन ने एक नई पहल शुरू की है। फाउंडेशन की ओर से ऑयस्टर मशरूम (ढींगरी मशरूम) की खेती को लेकर तीन दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। यह कार्यशाला 26 से 28 नवंबर, 2026 तक बठाहड़ स्थित ‘अपना घर होमस्टे’ में होगी।

एचवीटी फाउंडेशन के संयोजक पंकी सूद ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय महिलाओं, युवाओं और अन्य ग्रामीणों को मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से परिचित करवाना तथा उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में अपने घरों में छोटे स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू कर सकें और अतिरिक्त आय अर्जित कर सकें।

उन्होंने बताया कि कार्यशाला में प्रतिभागियों को मशरूम की खेती की तकनीक, बीज (स्पॉन) का उपयोग, उत्पादन की प्रक्रिया, उचित देखभाल, तापमान और नमी का प्रबंधन तथा मशरूम की कटाई और विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। प्रशिक्षण के लिए विशेष रूप से लखनऊ के विशेषज्ञ प्रशिक्षक विजय पहुंच रहे हैं, जो प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान देंगे। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसमें महिलाएं और पुरुष दोनों भाग ले सकते हैं। कार्यशाला सफलतापूर्वक पूरी करने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन डिप्लोमा भी प्रदान किया जाएगा।

पंकी सूद ने बताया कि इस पहल में ट्राइडेंट ऑटोमोबाइल्स मुंबई इनके साथ सहयोगी भागीदार के रूप में जुड़ा है, जबकि सनशाइन हिमालयन कॉटेज इस कार्यक्रम में आतिथ्य सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि सनशाइन हिमालयन कॉटेज वही स्थान है, जहां से वर्ष 2019 में एचवीटी फाउंडेशन की नींव रखी गई थी।

हिमालयन वालंटियर टूरिज्म फाउंडेशन इससे पहले भी कई दुर्गम क्षेत्रों में मशरूम उत्पादन से जुड़ी परियोजनाओं पर काम कर चुका है। लद्दाख के दुर्गम जांस्कर क्षेत्र के 14 गांवों के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में भी फाउंडेशन की ओर से मशरूम परियोजनाएं संचालित की गई हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य स्थानीय समुदायों को पोषण, स्वरोजगार और आय के नए साधनों से जोड़ना रहा है।

पर्यटन और पोषण के साथ जुड़ेंगे रोजगार के नए अवसर।

फाउंडेशन के प्रतिनिधियों का मानना है कि आने वाले समय में तीर्थन घाटी और जीभी जैसे पर्यटन स्थलों पर ताजे मशरूम की मांग बढ़ने की अच्छी संभावनाएं हैं। यदि स्थानीय ग्रामीण अपने स्तर पर मशरूम उत्पादन शुरू करते हैं, तो वे आसपास के होटलों, होमस्टे और रेस्टोरेंट को ताजा मशरूम उपलब्ध करवा सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर विकसित हो सकते हैं। पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण मशरूम को स्थानीय खानपान में शामिल करने से लोगों को पौष्टिक आहार का एक अच्छा विकल्प भी मिलेगा।

सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय है एचवीटी फाउंडेशन।

मशरूम प्रशिक्षण के अतिरिक्त एचवीटी फाउंडेशन क्षेत्र के सामाजिक और सामुदायिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। फाउंडेशन की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा बठाहड़ क्षेत्र में शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के लिए हाल ही में विशेष शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस फाउंडेशन ने क्षेत्र में आपदा के दौरान भी सहयोग किया है। गांव में भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने के साथ-साथ ग्रामीण संपर्क मार्गों को सुगम बनाने के लिए पुलिया निर्माण जैसे कार्यों में भी योगदान दिया गया है।

सरकारी विभागों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग की जरूरत।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियां स्वरोजगार का अच्छा माध्यम बन सकती हैं। ऐसे में गैर-सरकारी संस्थाओं की पहल के साथ सरकार के कृषि एवं उद्यान विभाग की तकनीकी विशेषज्ञता और सरकारी योजनाओं का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। यदि सरकारी विभाग, सामाजिक संस्थाएं और स्थानीय समुदाय आपसी समन्वय से कार्य करें, तो प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले लोगों को आगे उत्पादन इकाइयां स्थापित करने, गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध करवाने और बाजार से जोड़ने में मदद मिल सकती है।

फाउंडेशन ने क्षेत्र के अधिक से अधिक महिलाओं, युवाओं, छोटे किसानों और अन्य इच्छुक ग्रामीणों से इस निःशुल्क कार्यशाला में भाग लेने की अपील की है। मशरूम की खेती सीखने के इच्छुक व्यक्ति पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए ‘अपना घर होमस्टे’ के संचालक एवं समाजसेवी ठेबा राम से संपर्क कर सकते हैं। फाउंडेशन का प्रयास है कि ग्रामीणों को नई तकनीकों और रोजगार के अवसरों से जोड़कर तीर्थन घाटी को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

मंडी के बल्ह से सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आगाज’ : सारी उम्मीदों और आशाओं को पूरा करेगी प्रदेश सरकार – गोमा

ग्राम पंचायत छातडू में आयुष मंत्री यादविन्दर गोमा ने गिनाई सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियां, सुनीं जन समस्याएं आयुष मंत्री ने की छातड़ू में आयुष डिस्पेंसरी खोलने की घोषणा मंडी, 17 जनवरी। हिमाचल...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

हनीमून पर गए नवविवाहित जोड़े की कार का एक्सीडेंट : पति की मौत, कीरतपुर में गाड़ी के उड़े चिथड़े

एएम नाथ। कीरतपुर साहिब/ चंडीगढ़ :  मनाली नेशनल हाइवे पर रविवार सुबह भीषण हादसा हुआ है। कीरतपुर साहिब में हुए इस सड़क हादसे में नवविवाहित दुल्हन का सुहाग उजड़ गया। शादी के बाद घूमने...
article-image
हिमाचल प्रदेश

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा : मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहुंचे मंत्री ने लिया स्थिति का जायजा, प्रभावितों को हर संभव सहायता का दिया भरोसा

एएम नाथ। मंडी, 30 जुलाई :   लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार तड़के हुई भीषण वर्षा से प्रभावित मंडी शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर...
article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

नादौन, देहरा, हरोली और कुछ खास विधानसभा क्षेत्रों में ही संस्थान खुले कहा भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने : सीएम सुक्खू ने कहा रेडियोग्राफरों का बढ़ेगा वेतन

एएम नाथ। धर्मशाला : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि रेडियोग्राफरों का वेतन बढ़ाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग में जल्द विभिन्न श्रेणियों की भर्तियां की जाएंगी। जिन संस्थानों में मशीनें हैं, वहां स्टाफ भी जल्द...
Translate »
error: Content is protected !!