एएम नाथ । शिमला : मशोबरा में शुक्रवार को एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां सीएम सूक्खु के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे, आर्यन चौहान पर नकाबपोश हमलावरों ने पिस्तौल तानकर जानलेवा हमला करने और उन्हें काबू करने का प्रयास किया। इस दौरान नरेश चौहान के बेटे आर्यन चौहान ने पहाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। लेकिन हमलावर मौके से फरार होने में सफल हो गए।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आर्यन चौहान मशोबरा के तारापुर स्थित एक निजी होटल का प्रबंधन देखते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 1:25 बजे जब वह अपनी कार (HP63C-2626) से शिमला की ओर जा रहे थे, तभी एक सफेद ऑल्टो कार ने फिल्मी अंदाज में उनका रास्ता रोक लिया। कार से दो नकाबपोश युवक उतरे। एक के हाथ में पिस्तौल थी और दूसरे के पास लोहे की रॉड थी। आरोपियों ने पिस्तौल तानकर आर्यन से नकदी की मांग की और गोली मारने की धमकी देते हुए उन्हें काबू करने की कोशिश की। आर्यन ने अपनी कार को तेजी से पीछे की ओर मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ढलान से टकरा गया। जान बचाने के लिए आर्यन कार से बाहर कूदे और किसी तरह वहां से भाग निकले। घायल हालत में वह किसी तरह वापस होटल पहुंचे और परिजनों सहित पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध कार को अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में पाया गया कि कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। इससे स्पष्ट होता है कि वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया था। हमलावरों की कार का आंशिक नंबर HP-58 नोट किया गया था।
पुलिस ने आर्यन चौहान के बयान पर ढली थाना में बीएनएस की धारा 311, 109, 126(2), 351, 115(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
