जिला स्तरीय स्पर्धाओं के लिए दोनों प्रतियोगिताओं से 10-10 प्रतिभागियों का चयन, एसडीएम अभिषेक बरवाल ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व की दी जानकारी
एएम नाथ। घुमारवीं, 13 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, घुमारवीं में विधानसभा क्षेत्र स्तरीय प्रश्नोत्तरी और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इन प्रतियोगिताओं में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन के बाद प्रश्नोत्तरी और निबंध लेखन, दोनों श्रेणियों से 10-10 प्रतिभागियों का चयन आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया।
इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इसमें युवाओं की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने, अपने मताधिकार के महत्व को समझने तथा समाज के अन्य लोगों को भी निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता केवल चुनाव तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।
