हिमाचल पड़ोसी राज्यों एवं सरकारी एजेंसियों को समान दरों पर उपलब्ध करवाएगा अतिरिक्त जल

by

100 रुपये प्रति 1,000 घन फुट की प्रारंभिक दर निर्धारित, थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर समय-समय पर होगा संशोधन

एएम नाथ। शिमला : प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी मौजूदा एवं भविष्य के जल संसाधनों और जल परियोजनाओं तथा अंतरराज्यीय जल परियोजनाओं से उपलब्ध (सरप्लस रॉ-वाटर) के मूल्यांकन, दरों के निर्धारण तथा समय-समय पर उनमें संशोधन के लिए एक समान राज्य नीति को स्वीकृति प्रदान की है। इस नीति का उद्देश्य राज्य के जल संसाधनों का पारदर्शी एवं आर्थिक रूप से तर्कसंगत मूल्यांकन सुनिश्चित करने के साथ-साथ राज्य के वित्तीय हितों की रक्षा करना है। इसके अंतर्गत प्रदेश की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के उपरांत, जहां भी आवश्यकता होगी, पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों तथा उद्योगों को उपलब्ध करवाए जाने वाले अतिरिक्त जल की दरें निर्धारित करने के लिए एक समान व्यवस्था लागू की जाएगी। यह नीति प्रदेश के भीतर घरेलू उपयोग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले जल पर लागू नहीं होगी।
किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के संदर्भ में यह निर्णय विशेष महत्व रखता है। इस परियोजना के तहत हिमाचल को बांध के कुल लाइव स्टोरेज का 3.154 प्रतिशत हिस्सा आवंटित किया गया है, जो लगभग 42 मिलियन घन मीटर के बराबर है। इसके अतिरिक्त, ऊपरी यमुना बेसिन के राज्यों के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत भी हिमाचल को यमुना नदी के जल में हिस्सा आवंटित है। इस समझौते में बेसिन के जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लखवाड़, किशाऊ और रेणुका जी बांध परियोजनाओं के विकास की परिकल्पना की गई है।
नीति के तहत अतिरिक्त जल के मूल्यांकन एवं आपूर्ति के लिए प्रारंभिक आधार दर 100 रुपये प्रति 1,000 घन फुट निर्धारित की गई है। इन दरों में थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर समय-समय पर संशोधन किया जाएगा, ताकि प्रचलित मूल्य स्तर में होने वाले बदलावों के अनुरूप जल का आर्थिक मूल्य सुरक्षित रखा जा सके।
यह नीति हिमाचल की उन सभी मौजूदा एवं भविष्य की परियोजनाओं पर लागू होगी, जिनसे अन्य राज्यों अथवा पात्र एजेंसियों को अतिरिक्त जल की आपूर्ति की जाती है। इसके माध्यम से किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना और प्रस्तावित रेणुका जी बांध परियोजना सहित अंतरराज्यीय बहुउद्देशीय एवं जल भंडारण परियोजनाओं के लिए एक मानकीकृत मूल्य निर्धारण व्यवस्था स्थापित होगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि जल संसाधनों के आवंटन एवं आपूर्ति में हिमाचल की आवश्यकताओं और हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता मिले।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनके समुचित आर्थिक प्रतिफल को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपत्तियों में से एक है और अन्य राज्यों अथवा एजेंसियों को अधिशेष जल की आपूर्ति के लिए कोई भी व्यवस्था करते समय उसके वास्तविक आर्थिक मूल्य को उचित महत्व दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस नीति से जल की दरों के निर्धारण और उनमें समय-समय पर संशोधन के लिए एक पारदर्शी एवं एक समान व्यवस्था स्थापित होगी, जिससे प्रदेश के दीर्घकालिक वित्तीय हित सुरक्षित रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों को अतिरिक्त जल उपलब्ध करवाने से पहले प्रदेश के हितों और आवश्यकताओं का पूरी तरह संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की पेयजल, सिंचाई, कृषि, पर्यावरणीय एवं विकासात्मक आवश्यकताएं सर्वाेपरि होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए दृढ़ता से कार्य कर रही है ताकि राज्य के बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधन प्रदेश की आर्थिक समृद्धि और समग्र विकास में सार्थक योगदान दे सकें।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

सीबीआई ने उपराज्यपाल से पूर्व जेल मंत्री और आप नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ जबरन वसूली के आरोपों की जांच की मंजूरी मांगी

नई दिल्ली : दिल्ली के पूर्व जेल मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सत्येंद्र जैन की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। सीबीआई ने ठग सुकेश चंद्रशेखर समेत कई हाई प्रोफाइल कैदियों को...
हिमाचल प्रदेश

गाड़ियों की पासिंग व ड्राईविंग टेस्ट के लिए जिला ऊना में तिथियां निर्धारित : हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत 4 जुलाई तथा 19 जुलाई को गाड़ियों की पासिंग व ड्राईविंग टेस्ट

ऊना, 3 जुलाई – जिला ऊना में गाड़ियों की पासिंग व ड्राईविंग टेस्ट की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए आरटीओ राजेश कौशल ने बताया कि हरोली विधानसभा...
article-image
हिमाचल प्रदेश

85 लाख रुपये की राहत राशि आपदा प्रभावित परिवारों को दी जा चुकी : तेजी से करवाए जा रहे हैं मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य: हेमराज बैरवा

हमीरपुर 12 सितंबर। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि पिछले महीने जिले भर में अत्यधिक बारिश, भूस्खलन, जमीन धंसने और बाढ़ से हुए भारी नुक्सान के बाद पुनर्वास, पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य तेजी से...
हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर करेंगे मेक शिफ्ट अस्पताल पंडोगा का वर्चुअल लोकार्पण

पंडोगा में 90 बेड पर हाई फ्लो ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध, एक हफ्ते में 50 अतिरिक्त बेड तैयार होंगे ऊना – मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर आज प्रातः 10 बजे पंडोगा में नवनिर्मित मेक शिफ्ट...
Translate »
error: Content is protected !!