एएम नाथ। शिमला। एआई समिट में प्रदर्शन करने वाले तीन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस द्वारा शिमला जिले के रोहड़ू से हिरासत में लेने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। बताया जा रहा है कि सोलन पुलिस ने धर्मपुर के पास चंडीगढ़-कालका-शिमला हाईवे पर नाका लगाकर दिल्ली पुलिस के करीब 20 जवानों को रोक लिया।
सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए तीनों कार्यकर्ताओं को शिमला लाकर जिला अदालत में एसीजेएम कोर्ट नंबर-2 में पेश किया गया। इस दौरान दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी अदालत में मौजूद रहे। मामले को लेकर शिमला के एसपी गौरव सिंह भी कोर्ट पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल तीनों यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता हिमाचल के निवासी नहीं हैं। प्रदर्शन के बाद वे रोहड़ू के एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां से दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर दिल्ली और हिमाचल पुलिस के बीच कानूनी प्रक्रिया जारी है और अदालत के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।