बरनाला : पंजाब के बरनाला में एलपीजी सिलिंडर लेने के लिए आए एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जाता है कि 66 वर्षीय बुजुर्ग सिलिंडर लेने के लिए सुबह ही लाइन में लग गया था। पुलिस ने बताया कि मृत बुजुर्ग की पहचान, सेहना गांव के भूषण कुमार मित्तल के रूप में हुई है। वह सुबह 7.15 पर ही वहां पहुंच गया था, ताकि लाइन में लगकर सिलिंडर ले सके। बताया जाता है कि पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध के चलते यहां पर भी एलपीजी का संकट गहराया हुआ है। इसके चलते यहां सिलिंडरों की शॉर्टेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार भूषण कुमार मित्तल अपने बेटे देवराज मित्तल के साथ सुबह 8 बजे से गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे। उनका नंबर 25वां था। इंतजार करते-करते वह सिलेंडर पर ही बैठ गए और इसी दौरान नीचे गिर पड़े। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में शोक फैल गया। कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह धालीवाल ने इस घटना के लिए केंद्र सरकार की एलपीजी नीति को जिम्मेदार ठहराया है और परिवार को मुआवजे की मांग की है।
कॉमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी बंद, घरेलू गैस भी नहीं मिल रही
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग का पंजाब और चंडीगढ़ में गहरा असर हुआ है। यहां गैस सिलेंडर के लिए लोगों को कई घंटे तक लाइनों में लगना पड़ रहा है। 2 दिन पहले तक केवल कॉमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी बंद हुई थी, लेकिन अब घरेलू गैस भी नहीं मिल रही। सरकार और प्रशासन का दावा है कि घरेलू सिलेंडर की कमी नहीं है लेकिन फिर भी लोगों के घरों में सप्लाई नहीं मिल रही। गैस कंपनियों के सर्वर ही ठप हो गए इसलिए, बुकिंग कंफर्मेशन के लिए वन टाइम पासवर्ड ही नहीं आ रहा।
ऐक्शन में मान सरकार
पंजाब में रसोई गैस की किल्लत के चलते पंजाब सरकार हरकत में आ गई है। कालाबाजारी पर निगरानी और कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं। सीएम भगवंत मान ने भी बारे में खाद्य आपूर्ति मंत्री से हालता पर चर्चा कर स्थिति की रिपोर्ट ली। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के सभी जिला उपायुक्तों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि आम जनता को रोजमर्रा की चीजों के लिए परेशान न होना पड़े। भगवंत मान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस संकट की आड़ में अगर कोई कालाबाजारी या अफवाह फैलाने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब विधानसभा में गूंजा मुद्दा
वहीं, पंजाब विधानसभा में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी गैस की कमी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश किया गया। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटरूचक्क केंद्र सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लेकर आए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की गलत विदेश नीति के कारण यह यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब में गेहूं की खरीद का सीजन शुरू होने वाला है। पेट्रोल डीजल की कमी का असर उस पर भी पड़ सकता है। पंजाब के गोदाम भरे हुए है। ढुलाई नहीं हो पा रही है। नई फसल रखने में दिक्कत आएगी।
