लुधियाना : पंजाब में सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा हो गई है। बता दें कि सुबह-सुबह लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब के कोर्टों को बम धमकी मिलने के बाद अब स्कूलों को भी निशाना बनाया गया है।
मोगा जिले के दो प्राइवेट स्कूलों को बम धमकी मिलने के बाद तुरंत एहतियात के तौर पर खाली करवा दिया गया। जानकारी के अनुसार, धमकी मिलने के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कूल परिसर की पूरी सुरक्षा जांच की और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि धमकी भेजने वाले की पहचान के प्रयास जारी हैं।
सर्दियों की छुट्टियों के बाद आज खुले स्कूल : यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब पंजाब में सर्दियों की छुट्टियों के बाद आज ही स्कूलों का पहला दिन था। धमकी मिलने के बाद बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों में डर और चिंता का माहौल देखा गया।
पुलिस ने लोगों से की अपील : पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी दें और अफवाहों पर विश्वास न करें। साथ ही, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।
