होशियारपुर : पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने स्थानीय गौतम नगर में ट्यूबवेल नंबर 60 से लगातार लीक हो रहे पेयजल के मामले पर पंजाब सरकार को घेरते हुए कहा की पंजाब सरकार तथा इसके विभाग जनहितों को भूलकर कुम्भकर्णी नींद सो रहे हैं। खन्ना ने बताया की जब वे सुबह सैर करने निकले तो उन्होंने पाया की गौतम नगर स्थित सरकारी ट्यूबवेल नंबर 60 में पेयजल निरंतर लीक हो रहा था। खन्ना ने इसकी वीडियोग्राफी करने के बाद जब आस पास के निवासियों से बात की तो उन्होंने बताया की ये लीकेज पिछले डेढ़ दो साल से हो रही है और उन्होंने पहले भी इस सम्बन्ध में कई बार लिखती और जुबानी तौर पर नगर निगम को लीकेज ठीक करने को कहा परन्तु कोई लाभ नहीं हुआ। खन्ना ने बताया की वे पिछले करीब 15 साल से जल संरक्षण विषय पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा की वे निरंतर जनता को जल संरक्षण के लिए जागरूक करते हैं और जनता का भरपूर सहयोग भी मिल रहा हैं परन्तु अगर सरकारी विभाग ही इस तरह भारी मात्रा में पानी व्यर्थ करते रहेंगे तो जनता के जल संरक्षण की तरफ किये गए प्रयास छननी में दूध जमा करने के सामान होगा। खन्ना ने नगर निगम से अपील की की जल्द इस लीकेज को ठीक करवाकर पेयजल व्यर्थ होने से रोका जाये।
