जगराओं : घरेलू विवाद और जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर एक सप्ताह पहले मंगलवार की आधी रात को गांव जंडी में सो रहे व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी बेटे ने कबूल किया कि अपने पिता हरजिंदर सिंह को मौत के घाट उतारने की साजिश में उसकी मां भी शामिल थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान तरनजीत कौर उर्फ तनी निवासी गांव जंडी, सिधवां बेट के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी महिला को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना सिधवां बेट के प्रभारी हमराज सिंह ने बताया कि 17 मार्च की आधी रात को हरजिंदर सिंह की हत्या उसके बेटे जसकरन सिंह उर्फ जस्सू ने अपने दो दोस्तों गुरप्रीत सिंह उर्फ काका और धरमिंदर सिंह उर्फ गिआनी निवासी गांव लीला मेघ सिंह के साथ मिलकर की थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश में मृतक की पत्नी तरनजीत कौर भी शामिल थी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शक से बचने के लिए बुधवार को अनजान बनकर घर में रोने-बिलखने का ड्रामा भी किया। लेकिन जब पुलिस ने जसकरन सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने पहले अपने दोनों साथियों के नाम बताए। बाद में पुलिस रिमांड के दौरान गहराई से पूछताछ और आरोपियों से अलग-अलग बयान लेने पर खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश में उसकी मां भी शामिल थी। इसके बाद पुलिस ने तरनजीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे हुआ था खुलासा
गौरतलब है कि गांव जंडी में उस समय सनसनी फैल गई थी जब बुधवार को हरजिंदर सिंह ने दोपहर तक अपने घर का दरवाजा नहीं खोला। पड़ोसियों ने इस बारे में उसके भाई जगराज सिंह को सूचना दी।
मौके पर अपने बेटे कुलजिंदर सिंह के साथ पहुंचे जगराज सिंह ने काफी देर तक गेट खटखटाया, लेकिन जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो कुलजिंदर सिंह दीवार फांदकर अंदर गया। अंदर का मंजर देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने देखा कि उसका चाचा हरजिंदर सिंह कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा था।
इसके बाद उसने अंदर से दरवाजा खोलकर अपने पिता, गांव वालों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और जगराज सिंह की शिकायत के आधार पर जसकरन सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
जमीन के विवाद ने ली जान
शिकायतकर्ता जगराज सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दो भाई और दो बहनें हैं। उसका भाई हरजिंदर सिंह उर्फ शक्ति अलग रहता था। उसकी पहली पत्नी सरबजीत कौर की 2003 में मौत हो गई थी, जिससे उसका एक बेटा हरकमल सिंह है, जो करीब तीन साल से कनाडा में रह रहा है।
पहली पत्नी की मौत के बाद हरजिंदर सिंह ने लगभग एक साल बाद मोगा जिले के कोकरी कलां की रहने वाली तरनजीत कौर से दूसरी शादी कर ली थी। इस शादी से उनका एक बेटा जसकरन सिंह हुआ।
बताया गया है कि हरजिंदर सिंह और उसकी दूसरी पत्नी तरनजीत कौर के बीच जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था। हरजिंदर सिंह कई बार अपने भाई को बता चुका था कि उसे डर है कि जसकरन सिंह उसे किसी दिन नुकसान पहुंचा सकता है।
पुलिस के अनुसार, प्रॉपर्टी में बड़ा हिस्सा पाने की लालच में जसकरन सिंह ने अपने दोस्तों और मां के साथ मिलकर यह खौफनाक साजिश रची और अपने ही पिता की हत्या कर दी।
