दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने गांव कडूवाना में की जनसमस्याओं की सुनवाई

by

बीबीएन, 25 जनवरी (तारा) : दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने आज दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुल्लरवाला के गांव कडूवाना का दौरा कर स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनीं।

विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र एवं स्थायी समाधान का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली तथा आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।

गांव में पेयजल एवं सिंचाई समस्या के समाधान को लेकर विधायक ने कहा कि कडूवाना गांव में पानी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग के माध्यम से क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के लिए लगभग 25 ट्यूबवेल स्वीकृत करवाने की प्रक्रिया जारी है, जिससे क्षेत्रवासियों को पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा।

बिजली व्यवस्था को लेकर विधायक ने गांव में जर्जर ट्रांसफार्मर को बदलने तथा टूटे हुए बिजली खंभों को शीघ्र बदलने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र के बिजली विभाग के चार उपमंडलों में बिजली के खंभे बदलने, ट्रांसफार्मर उन्नयन एवं अन्य मरम्मत कार्यों के लिए लगभग 39 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई है। इसके अतिरिक्त नगर निगम क्षेत्र में बिजली से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए 71 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है।

विधायक ने कहा कि बद्दी नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है तथा इन कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि साईं रोड के विकास को लेकर इसके लिए 11 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करवाई जा चुकी है, जिसमें से लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से 40 फीट ऊंचाई के नए बिजली खंभे लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था और अधिक सुरक्षित एवं सुदृढ़ होगी।

रामकुमार चौधरी ने कडूवाना गांव के लिए 250 किलोवाट क्षमता का एक नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की भी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने बंद पड़ी सिंचाई योजना को ग्रामीणों की मांग के अनुरूप प्रतिस्थापित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल के पंप हाउस की मुरम्मत का कार्य भी शीघ्र किया जाएगा, जिसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने गांव में सीएसआर के माध्यम से 10 नई स्ट्रीट लाइट्स लगाने की भी घोषणा की, जिससे रात्रि समय में ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।

विधायक रामकुमार चौधरी ने आश्वासन दिया कि कडूवाना गांव में सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु जैसे ही भूमि पंचायत के नाम स्थानांतरित होगी, निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर हिमाचल प्रदेश सरकार के समक्ष विद्यालयों में पंजाबी विषय प्रारंभ करने का मामला उठाने का आश्वासन दिया।

रामकुमार चौधरी ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि दून विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे और जनता की प्रत्येक जायज समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण विकास की राह दिखा रही राजीव गांधी वन संवर्धन योजना

रोहित जसवाल।  ऊना, 23 अगस्त. हिमाचल सरकार की राजीव गांधी वन संवर्धन योजना पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण सशक्तिकरण को समर्पित है। इसका उद्देश्य बंजर और अनुपयोगी वन भूमि को हरा-भरा बनाना है, साथ...
हिमाचल प्रदेश

गर्मियों में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए, ग्रामीण विकास मंत्री ने दिए निर्देश

वीरेंद्र कंवर ने कुटलैहड़ की विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की ऊना : ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने गत सांय थाना कलां में विभिन्न विभागों...
article-image
हिमाचल प्रदेश

फिल्म नीति को हिमाचल सरकार ने दी मंजूरी : 50 प्रतिशत शूटिंग के साथ बनी फिल्मों के लिए वार्षिक पुरस्कार

शिमला : हिमाचल प्रदेश को फिल्म निर्माण के लिए एक पसंदीदा स्थान बनाने के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार ने हाल ही में एक व्यापक फिल्म नीति को स्वीकृति प्रदान की है। इस नीति...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

ED का बड़ा एक्शन… उद्योगपति ‘डिजिटल अरेस्ट’ मामले में 5 राज्यों के 11 ठिकानों पर रेड, महिला गिरफ्तार

ED की जालंधर जोनल टीम ने लुधियाना के उद्योगपति को डिजिटल अरेस्ट करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. ED ने 22 दिसंबर 2025 को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और असम में कुल...
Translate »
error: Content is protected !!