जालंधर : जालंधर में वार्ड-84 से कांग्रेस पार्षद नीरज जस्सल उर्फ कालू के खिलाफ थाना-1 पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पार्षद ने पुराने चुनावी प्रतिद्वंद्वी युवक पर लाइसेंसी रिवॉल्वर का रौब दिखाते हुए हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार रविदास नगर निवासी पुनीश उर्फ हनी विरदी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 7 मार्च की रात पार्षद जस्सल ने विवाद के दौरान अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर हवा में लहराई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इसी दौरान पार्षद ने रिवॉल्वर की बट से पुनीश के माथे और नाक पर जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। थाना-1 पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी पार्षद की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
