स्वतंत्रता के उत्सव को तैयार देहरा राज्य स्तरीय समारोह में शिरकत करेंगे मुख्यमंत्री, व्यवस्थाएँ चाकचौबंद : विधायक ने किया निरीक्षण

by

राकेश शर्मा :देहरा/तलवाड़ा: हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस वर्ष राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह जिला कांगड़ा के देहरा में मनाने का निर्णय लिया है। ब्यास के किनारे बसा देहरा और यहां के निवासी अपने यहां इस वर्ष मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को बड़ी उत्सुकता से देख रहे हैं। देहरा का शहीद भुवनेश डोगरा मैदान आजादी के जश्न के लिए पूरी तरह सज गया है। विधायक देहरा कमलेश ठाकुर ने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 15 अगस्त को यहां शिरकत कर राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कमलेश ठाकुर ने आज यहां राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए।
बकौल कमलेश ठाकुर, जिला कांगड़ा के देहरा को वरीयता देते हुए मुख्यमंत्री ने इस बार यहां राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि देहरा में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस मनाना क्षेत्र और यहां के लोगों के लिए गौरव और हर्ष की बात है। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए देहरा में कई दिनों से दिन-रात तैयारियां चल रही हैं। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के साथ अन्य सभी विभागों को जो जिम्मेदारियां दी गई हैं, उसके अनुरूप सभी अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय स्वतंत्रता समारोह को कामयाब बनाने के लिए देहरा के लोगों से भारी संख्या में शहीद भुवनेश डोगरा मैदान में आने का आग्रह किया है।
देहरा के शहीद भुवनेश डोगरा ग्राउंड में सुबह 11 बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आगमन होगा। इसके बाद राष्ट्रीय गान के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज को फहराने के बाद मुख्यमंत्री परेड का निरीक्षण करेंगे तथा विभिन्न सुरक्षा दलों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। मार्च पास्ट के बाद मुख्यमंत्री प्रदेश के नाम अपना संबोधन देंगे तथा राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेताओं को पुरस्कार वितरण करेंगे। पुरस्कार वितरण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोक नृत्य की झलक देखने को मिलेगी।
इस दौरान मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, आशीष बुटेल व किशोरी लाल भी मुख्यमंत्री के साथ मंच पर उपस्थित रहेंगे। इनके साथ उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष व विधायक फतेहपुर भवानी पठानिया, प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व विधायक नगरोटा बगवां रघुबीर सिंह बाली, इलाके की विधायक कमलेश ठाकुर सहित जिले के विधायक गण भी मौजूद रहेंगे। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, डीजीपी डॉ. अतुल वर्मा, प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी और जिला के अधिकारी भी देहरा आएंगे।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में होने वाली परेड और मार्च पास्ट के लिए जवानों ने सारे जहां से अच्छा की धुन में अपना अंतिम अभ्यास किया। एसपी कांगड़ा शालिनि अग्निहोत्री और द्वितीय आरक्षित वाहिनी सकोह के कमांडेंट खुशहाल शर्मा इस दौरान उपस्थित रहे। एसपी ने बताया कि सचिन हिरेमठ (आईपीएस) राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड कमांडर होंगे। वहीं देहरा से ही संबंध रखने वाले मयंक शर्मा (एचपीएस) द्वितीय कमांडर की भूमिका में रहेंगे। परेड में कुल 14 टुकड़ियां भाग लेंगी, जिनमें द्वितीय आरक्षित वाहिनी सकोह की दो, तृतीय आरक्षित वाहिनी पंडोह से महिला पुलिस की एक और जिला पुलिस की एक टुकड़ी भाग लेगी। इस दौरान सीमा सुरक्षा बल सपड़ी की एक पलटन, उत्तराखंड पुलिस, होम गार्ड पुरुष, होम गार्ड महिला और ट्रैफिक पुलिस की एक पलटन परेड में हिस्सा लेगी। इनके अलावा पुलिस बैंड, होम गार्ड बैंड और ढलियारा कॉलेज से एनसीसी कैडेट्स तथा स्काउट एंड गाईड की दो टुकड़ियां भी परेड में भाग लेंगी।

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले व्यक्तियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। सिविल सर्विस अवार्ड के लिए राजस्व विभाग व डिजीटल प्रौद्योगिकी एवं शासन विभाग को राज्य में रेवेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम (आरएमएस ) पोर्टल को विकसित करने व इसे सफलतापूर्वक लागू करने के लिए किए गए सराहनीय कार्य के लिए सिविल सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभागों के सचिव प्रियतू मंडल (आईएएस), राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर नियुक्त पंकज शर्मा, डेवलपर कन्सल्टेंट राकेश ठाकुर, असिस्टेंट प्रोग्रामर पवन कुमार को भी सिविल सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
कांगड़ा जिले के एक छोटे से गांव खडूल से संबंध रखने वाले हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद् (ई.पी.सी.एच.) के महानिदेशक डॉ. राकेश कुमार, बिलासपुर जिले से सम्बन्ध रखने वाले प्रसिद्ध चिकित्सक (डॉ.) महेश वर्मा (पद्म श्री) तथा दिव्य मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट, डैहर के संस्थापक सत्य प्रकाश शर्मा को प्रेरणा स्रोत अवार्ड से मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे।
कुल्लू जिले से सम्बन्ध रखने वाले केहर सिंह ठाकुर, जिला शिमला की ठियोग तहसील के तहत जरासी गांव से संबंध रखने वाले प्रो. (डॉ.) केशव राम शर्मा और राज्य कर एवं आबकारी विभाग में सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत पूनम ठाकुर को हिमाचल गौरव पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं कौन बनेगा करोड़पति टी.वी. कार्यक्रम में भाग लेकर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाले शिमला के छठी कक्षा के विद्यार्थी अरुणोदय शर्मा को विशिष्ट सम्मान दिया जाएगा।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

ज्वाली स्कूल में 213 मेधावी बच्चों को बाँटे टैब: शिक्षक बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करें: चंद्र कुमार

स्कूल में पांच लाख के दो डिजिटल बोर्ड बच्चों को किए समर्पित ज्वाली 5 दिसम्बर : कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने शिक्षकों से बच्चों में मेहनत,अनुशासन तथा अच्छे संस्कार पैदा करने...
article-image
हिमाचल प्रदेश

जेओए (आईटी) अभ्यर्थी प्रतिनिधिमण्डल : मुख्यमंत्री से चयन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का किया आग्रह

शिमला : जेओए (आईटी) पोस्ट कोड-817 परीक्षा में भाग लेने वाले युवाओं के एक प्रतिनिधिमण्डल ने आज यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की और उनसे जेओए (आईटी)-817 की चयन प्रक्रिया को शीघ्र...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

विधायक नरिंदर कौर भराज गांव लखेवाल के मनदीप सिंह की बन गईं जीवन संगिनी

पटियाला : पंजाब के संगरूर हलके से प्रदेश की सबसे युवा और पहली बार विधायक बनी नरिंदर कौर भराज (28) आज गांव लखेवाल के मनदीप सिंह (29) की जीवनसंगिनी बन गईं। दोनों के आनंद...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सलेहरा का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह : शिक्षा से ही विकास का आधार – किशोरी लाल

बैजनाथ, 8 जनवरी : मुख्य संसदीय सचिव, पशुपालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, किशोरी लाल ने कहा कि मजबूत शिक्षण संस्थान तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समृद्धि का स्रोत होने के साथ ही समाज को आगे...
Translate »
error: Content is protected !!