एएम नाथ : हमीरपुर : जिला हमीरपुर में एक विवाहिता बच्चे के साथ लापता हो गई। महिला उपमंडल सुजानपुर के अंतर्गत बीड़ बगेहड़ा गांव की निवासी है। महिला अपने साथ चार वर्षीय बच्ची को भी ले गई है।बताया जा रहा है महिला बच्ची के साथ बाजार गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी है।
महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से परिवार के सदस्य काफी चिंतित हैं। मामले को लेकर परिवार की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव बीड़ बगेहड़ा निवासी वीना देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहू 24 वर्षी बेबी देवी 11 अप्रैल की सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे घर से यह कहकर निकली थी कि उसे दांत में दर्द है और वह दवाई लेने जा रही है। इस दौरान वह अपनी चार वर्षीय बेटी हिमांशी को भी साथ ले गई।परिजनों के अनुसार जब काफी समय बीत जाने के बाद भी दोनों घर नहीं लौटीं तो उन्होंने आसपास के क्षेत्र व रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संभावित स्थानों पर तलाश जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर दोनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
