भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह की अगुवाई में उपायुक्त कार्यालय के बाहर एकजुट हुए लोग, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
एएम नाथ। चम्बा : जिला चम्बा में बीपीएल सूची से नाम काटने पर लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह की अगुवाई में अठलुंई व मंगला पंचायत के लोगों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर एकजुट होकर रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी ने उपायुक्त मुकेश रेपसवाल को एक ज्ञापन भी सौंपा।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह का कहना है कि कांग्रेस सरकार ने गरीब लोगों को बीपीएल सूची से बाहर करने का गलत निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार के मुताबिक प्रदेश में 90 प्रतिशत लोग अमीर हो गए हैं, लेकिन ऐसा संभव नहीं है।
सरकार ने इसके लिए कमेटी गठित की गई है जो बीपीएल सूची को तय कर रही है। सरकार के मुताबिक विकास खंड चम्बा के अठलुंई और मंगला पंचायत में कोई गरीब नहीं बचा है। हाल ही में मैहला ब्लॉक में भी 7087 नाम काट दिए गए हैं। अब 1157 ही रह गए हैं। प्रदेश में लाखों बीपीएल परिवारों का गला घोंटने का काम कांग्रेस सरकार द्वारा सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है। गरीबों का हक छीना जा रहा है। यह कोई सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि गरीबों को योजनाओं से बाहर करने की साजिश है। इस पूरी चयन प्रक्रिया में पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधियों- वार्ड पंच, प्रधान, उप-प्रधान, बी.डी.सी. सदस्य, जिला परिषद सदस्य-किसी को भी विश्वास में नहीं लिया गया, न कोई बैठक बुलाई गई और न ही जमीनी स्तर की सच्चाई जानी गई। हिमाचल के इतिहास में पहली बार अत्यंत निर्धन परिवारों पर इस स्तर की तानाशाही की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा इस अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
