उप मुख्यमंत्री ने बालीवाल में 1.34 करोड़ से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया शिलान्यास

by
एएम नाथ।  ऊना, 23 अप्रैल। हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को बालीवाल में 1.34 करोड़ की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का शिलान्यास किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने से आसपास के गांवों के हजारों लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों का रुख न करना पड़े और समय पर इलाज सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि एक समय हरोली क्षेत्र बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझता था, लेकिन आज यह क्षेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की एक मजबूत मिसाल बन चुका है। स्वास्थ्य संस्थानों की सुदृढ़ श्रृंखला स्थापित होने से ग्रामीणों को अब घर के समीप ही बेहतर इलाज उपलब्ध हो रहा है।
उन्होंने बताया कि 100 बिस्तरों की क्षमता वाले सिविल अस्पताल हरोली में शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, मेडिसीन, एनेस्थीसिया, त्वचा रोग, सर्जरी और माइक्रोबायोलॉजी जैसी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ नर्सों की तैनाती के साथ अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी आधुनिक सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए लगातार बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में हाल ही में 3.69 करोड़ की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बीटन का लोकार्पण किया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलनी शुरू हो गई हैं।
इसके अलावा 1.02 करोड़ की लागत से तैयार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठारबीत भी जनता को समर्पित किया जा चुका है। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से स्थानीय लोगों को प्राथमिक उपचार, नियमित जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सहज रूप से मिल रही हैं। इसके अलावा भी दुलैहड़, भदसाली, कुंगड़त में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा पंजावर, पालकवाह, बढ़ेड़ा, कुठारबीत, बालीवाल, बाथड़ी और खड्ड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि 1.17 करोड़ की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलोह का निर्माण कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा लोगों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र को विकास और जनसेवा का आदर्श मॉडल बनाने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर समान रूप से कार्य किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को उसके घर-द्वार के निकट बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रणजीत राणा, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) ऊना डॉ संजय मनकोटिया, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग बलदेव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

प्रचार-सामग्री के मुद्रण के तीन दिनों  के भीतर  ज़िला दंडाधिकारी को देनी होगी सूचना : लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की अनुपालना सुनिश्चित बनाएं प्रिंटर्स : मुकेश रेपसवाल

एएम नाथ। चंबा , 21 मार्च : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने कहा  कि लोकसभा निर्वाचन-2024  के तहत राजनीतिक प्रचार-प्रसार के लिए  प्रकाशित किए जाने वाले सभी पंपलेट, हैंड बिल,  पोस्टर...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

आमरण अनशन पर बैठे डल्लेवाल हुए बेहोश, डाॅ.स्वेमान सिंह ने जताई इस बात की चिंता

संगरूर ।  किसानों की मांगों मनाने को लेकर खनौरी बॉर्डर पर आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल आज अचानक बेहोश हो गए।  बेहोशी की हालत में उनको किसान वलंटीयरों ने‌ हाथ...
article-image
हिमाचल प्रदेश

अप्रत्याशित बादल फटने की घटनाएं और सिकुड़ते ग्लेशियर जलवायु परिवर्तन के संकेतः मुख्यमंत्री

साइंटिफिक असेसमेंट ऑफ टैकलिंग नॉन कार्बन-डाईऑक्साइड एमीशनस से निपटने के वैज्ञानिक आकलन पर रिपोर्ट जारी राज्य में औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने के लिए एमओए हस्ताक्षरित एएम नाथ। शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर...
article-image
हिमाचल प्रदेश

*मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया ने नालदेहरा में पौधारोपण कार्यक्रम में की शिरकत : देवदार का पौधा रोपित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

एएम नाथ। शिमला : हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज नालदेहरा स्थित गोल्फ कोर्स के समीप पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति...
Translate »
error: Content is protected !!