चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में चल रहे घमासान के बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आह को तेवर बदल गए हैं। हाईकमान के फैसले के खिलाफ आवाज उठा रहे चरणजीत सिंह चन्नी की संगठन के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल के साथ दोपहर बाद इंदिरा भवन में अहम बैठक हुई है। इस बैठक में सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, परगट सिंह, राणा गुरजीत सिंह और विजय इंदर सिंगला मौजूद थे। पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पद से हटाने पर अड़े चरणजीत सिंह चन्नी फिलहाल बैकफुट पर आ गए हैं। केसी वेणुगोपाल से मिलकर निकले तो उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ही उनके लीडर हैं। उन्होंने कहा कि हाईकमान के फैसले का सम्मान करते हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी में ऑल इज वेल है। उन्होंने कहा कि उनके लिए पार्टी से ऊपर कुछ नहीं है। ऐसे में अब माना जा रहा है कि हाईकमान ने चन्नी को स्प्ष्ट कर दिया है कि उनके फैसले में कोई बदलाव नहीं होगा।पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने भी बुधवार को केसी वेणुगोपाल से बातचीत कर स्पष्ट किया था कि हाईकमान का फैसले में बदलाव नही होगा उन्होंने कहा था कि यह कोई गुड्डे गुड़ियों का खेल नहीं है। आज की बैठक के बाद उम्मीद की जा रही है कि पंजाब कांग्रेस नेताओं को हाईकमान के फैसले को स्वीकार करना ही होगा।
