एएम नाथ। चम्बा : राजकीय महाविद्यालय सलूणी में छात्र दिवस के उपलक्ष्य पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को शोध अधिगम के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. मोहिंदर कुमार सलारिया ने छात्रों को संबोधित किया।
उन्होंने शोध पद्धति और शोधपरक असाइनमेंट्स के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान पाठ्यक्रम में शोध आधारित शिक्षण अधिगम का विशेष स्थान है। शोध से न केवल विषय की गहन समझ विकसित होती है, बल्कि छात्रों की तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने अध्यापकों से आह्वान किया कि वे शिक्षण को शोध के साथ जोड़कर छात्रों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित करें।
इस अवसर पर डॉ. सौरभ मिश्रा, इतिहास विभाग के प्रवक्ता ने महाविद्यालय में शुरू किए जा रहे मेंटर-मेंटी सत्रों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन सत्रों के माध्यम से प्रत्येक छात्र को एक शिक्षक मार्गदर्शक मिलेगा जो उसकी शैक्षणिक और व्यक्तिगत प्रगति में मदद करेगा। तृतीय वर्ष के छात्र द्वितीय वर्ष के छात्रों को और द्वितीय वर्ष के छात्र प्रथम वर्ष के छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. जयश्री,प्रवक्ता, अंग्रेजी विभाग द्वारा किया गया। उन्होंने छात्र दिवस के महत्व और कॉलेज की आगामी गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य महोदय द्वारा कॉलेज जिम का उद्घाटन किया गया। जिम की शुरुआत से छात्रों को शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्राचार्य ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है और जिम छात्रों को तनावमुक्त रखकर पढ़ाई में मदद करेगा।
कार्यक्रम में समस्त प्राध्यापकगण, गैर-शिक्षक कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।