सुक्खू सरकार का बड़ा कदम, तीन वर्षों में 1000 नई बसें शामिल करने के लक्ष्य को मिलेगी रफ्तार
कहा, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर होगी बस सेवा, HRTC होगा और आधुनिक
एएम नाथ। चम्बा : हिमाचल प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष एवं हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के निदेशक एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में सरकार HRTC के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने तीन वर्षों के भीतर HRTC के बेड़े में 1000 नई बसें शामिल करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से वॉल्वो, इलेक्ट्रिक, एसी, मिनी-मिडी और डीज़ल बसों को निगम के बेड़े में शामिल किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि नवंबर माह से पहले HRTC को 100 नई मिनी-मिडी बसें और 250 नई डीज़ल बसें मिलने जा रही हैं। इन 350 बसों के शामिल होने से प्रदेश के ग्रामीण, जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों में परिवहन सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर और नियमित बस सेवाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बसों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि HRTC को आर्थिक रूप से मजबूत, तकनीकी रूप से आधुनिक और यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना भी है। नई बसों के संचालन से यात्रा सुविधाओं में सुधार होने के साथ-साथ निगम की कार्यक्षमता और सेवा गुणवत्ता में भी वृद्धि होगी।
सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की जनहितैषी सोच के अनुरूप सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि 1000 नई बसों के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कर हिमाचल की परिवहन व्यवस्था को नई पहचान मिलेगी और HRTC प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर और अधिक प्रभावी ढंग से खरा उतरेगा।
