भगत सिंह कॉलोनी के पास हुआ हादसा; दो मृतकों की पहचान, तीसरे की शिनाख्त जारी, कैंटर चालक फरार
जालंधर । जालंधर में शनिवार सुबह करीब 6 बजे भगत सिंह कॉलोनी के पास बाईपास स्थित हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क पर खड़े कैंटर से पीछे से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना सुबह करीब 6:30 बजे मिली। बताया गया कि हाईवे पर एक कैंटर खड़ा था। इसी दौरान जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कैंटर में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
हादसे के बाद कार में सवार दो युवकों के शव फ्रंट सीट में फंस गए, जबकि पिछली सीट पर बैठे एक युवक का शव टक्कर के बाद सड़क पर जा गिरा। क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
### दो मृतकों की पहचान
SHO राकेश कुमार के अनुसार, हादसे में रामू (25), निवासी गुलमर्ग कॉलोनी, जालंधर और विजय वर्मा (26) की पहचान हुई है। विजय वर्मा एक फैक्ट्री में काम करता था और करीब 10 साल से अपने भाई राकेश के साथ जालंधर में रह रहा था। उसका बाकी परिवार उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में रहता है।
तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयास कर रही है।