एएम नाथ। बिलासपुर, 19 अगस्त : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बरसात से अब तक करीब 46.17 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है। विभाग को करीब 41 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उपायुक्त के अनुसार जलशक्ति विभाग को करीब 5 करोड़, स्कूल शिक्षा विभाग को लगभग 50 लाख, पशुपालन विभाग को 3 लाख और विद्युत बोर्ड को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
बारिश से 5 लोगों की मौत, कई मकान और गौशालाएं क्षतिग्रस्त
बरसात के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में जिले में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा 6 भवनों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, जिनमें 4 पक्के मकान, एक कच्चा मकान और एक रसोईघर शामिल है।
बारिश के कारण 18 गौशालाओं और एक भंडारकक्ष को भी नुकसान पहुंचा है।
जिले की 3 सड़कें बंद
बरसात और भूस्खलन के कारण लोक निर्माण विभाग के तहत आने वाली तीन सड़कें फिलहाल बंद हैं। इनमें बद्धाघाट-कोटला-सोहणी देवी सड़क, कथ्यूण-गुजरेहड़ा-गोचर सड़क और पट्टा-मोरसिंघी-मसौर मोड़ सड़क शामिल हैं।
उपायुक्त ने बताया कि बंद सड़कों को जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, बारिश से प्रभावित जलशक्ति विभाग की पेयजल योजनाओं को भी जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता
राहुल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन ने भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को पहले ही चिन्हित कर लिया है। इन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और संभव हो तो यात्रा स्थगित कर दें।
सर्पदंश और नदी-नालों से सावधान रहने की अपील
उपायुक्त ने बरसात के दौरान बढ़ने वाले सर्पदंश के मामलों को लेकर भी लोगों को सावधान किया। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतें। सर्पदंश की स्थिति में समय बर्बाद किए बिना नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में उपचार करवाएं।
उन्होंने लोगों से नदी, नालों और झीलों के किनारे जाने से बचने की भी अपील की। बरसात के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ने से डूबने की घटनाओं का खतरा रहता है।
आपदा की स्थिति में 1077 पर करें संपर्क
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से मौसम, सड़कों और अन्य आपदा संबंधी जानकारी समय-समय पर अपडेट की जाती है। लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की हेल्पलाइन 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
