चम्बा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के गैहरा-मरौर सड़क मार्ग पर चौंरा कैंची के समीप गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. सेब लेने जा रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं. गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन मरौर की ओर जा रहा था. चौंरा कैंची के पास मोड़ काटते समय चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में कजनो देवी पत्नी कृष्ण राम, निवासी गांव डुमाला, ग्राम पंचायत पियूहरा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अलका देवी, सुरेश कुमार और चालक अजय कुमार घायल हुए हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया, जहां अलका देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया. सुरेश कुमार और चालक अजय कुमार का उपचार चंबा में जारी है।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. हादसा चालक के वाहन से नियंत्रण खोने, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
हादसे में कजनो देवी (55) पत्नी कृष्ण चंद निवासी गांव दुमाला की मौत हो गई. जबकि घायलों में पिकअप चालक ललित कुमार (28) पुत्र पवन कुमार गांव सुईया, गैहरा, अलका देवी (32) दुमाला, डाकघर पियुहरा, सुरेश कुमार (40) पुत्र केहर सिंह निवासी गांव कुठेड़, डाकघर पियुहरा शामिल हैं. अलका देवी की छाती में गंभीर अंदरूनी चोट होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया है. अन्य दो घायल मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती हैं. CMO चंबा जालम सिंह ने बताया कि चार लोग पिकअप में सवार थे और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है।
