हिमकेयर योजना का लाभ न मिलने से हो रही मौतों पर भड़के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार

by

शिमला में मीडिया से बातचीत में बोले, जिस योजना के कारण लोगों की जिंदगी बचती थी उसी योजना की ही जिंदगी को कर दिया समाप्त

एएम नाथ । कांगड़ा : कांगड़ा जिला के पालमपुर में पैसों के अभाव और इलाज न मिलने के कारण हुई एक मरीज की दुखद मृत्यु के बाद हिमाचल प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह विधायक विपिन सिंह परमार ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए इसे महज मौत नहीं, बल्कि सरकार की लापरवाही से हुई ‘हत्या’ करार दिया है। विपिन सिंह परमार ने गहरा शोक और रोष व्यक्त करते हुए कहा कि केवल डेढ़ लाख या पचास हजार रुपये जैसे मामूली बजट के अभाव में प्रदेश के बेबस लोग तड़प-तड़प कर मरने को मजबूर हैं, जबकि मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये खर्च करके प्राइम लोकेशन्स पर अपने बड़े-बड़े विज्ञापनों और ‘व्यवस्था परिवर्तन’ के पोस्टरों में मुस्कुरा रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमकेयर और सहारा जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं इसी उद्देश्य से शुरू की गई थीं, ताकि आपातकाल के समय लोगों को निजी व सरकारी अस्पतालों में समय पर और कैशलेस इलाज मिल सके। अक्सर मरीजों को मेडिकल कॉलेजों तक पहुंचने में समय लगता है, ऐसे में निजी अस्पतालों में समय पर उपचार मिलना जीवन बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। लेकिन वर्तमान सरकार ने विशुद्ध राजनीतिक द्वेष और बदले की भावना से इन लोकप्रिय योजनाओं को ठप कर दिया है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा से लेकर सड़क तक सरकार से लोगों के जीवन से न खेलने की गुहार लगाई गई, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। अब इस त्रासदी पर पर्दा डालने के लिए मित्रमंडली के साथ साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री स्वास्थ्य क्षेत्र में हाई-एंड सुविधाएं देने के बड़े-बड़े दावे और भाषण कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ धरातल पर योजना का लाभ रोकने के लिए कागजों में जिंदा इंसानों को ‘मृत’ घोषित करने जैसे शर्मनाक कारनामे किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि “एक तरफ आदमी तड़प-तड़प कर मर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री भाषण और बातें ऐसी कर रहे हैं कि हमने तो स्वास्थ्य क्षेत्र में हाई-एंड सुविधाएं शुरू की हैं। जबकि इधर पैसों के अभाव में इलाज नहीं मिल पा रहा है। अगर हिमकेयर कार्ड होता और प्राइवेट अस्पताल में उपचार मिलता तो उसकी जिंदगी बच जाती। मेरी उस परिवार के प्रति संवेदना है और वर्तमान सरकार के खिलाफ गहरा रोष है कि जिस योजना के कारण लोगों की जिंदगी बचती थी, उस योजना की ही जिंदगी समाप्त कर दी। इस मौत के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी सरकार पूरी तरह दोषी है।”

विपिन सिंह परमार ने कहा कि लोग बेबस हैं और यह केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं है। एक नहीं, अनेकों लोगों को हिमकेयर योजना के बंद होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सहारा योजना को भी इस सरकार ने बंद कर दिया है और सैकड़ों लोग उनसे मिलकर यह शिकायत कर चुके हैं कि उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कुछ लोगों को योजना का लाभ न मिले, इसके लिए उन्हें कागजों में मृत तक घोषित कर दिया, जबकि वे वास्तव में जीवित हैं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी, आपको लज्जा नहीं आती कि आपकी सरकार ऐसे कारनामे कर रही है? जिंदा आदमी को मृत बताया जा रहा है। आदमी की जिंदगी से कोई खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि सरकार केवल इसलिए हिमकेयर योजना को बंद करना चाहती है क्योंकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में इस योजना को लोकप्रियता मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बदले की भावना से जनहित की योजनाओं को बंद कर रही है, जिसका खामियाजा प्रदेश की गरीब और जरूरतमंद जनता को भुगतना पड़ रहा है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा इस अन्याय को किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही हिमकेयर योजना को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पुनः शुरू किया जाएगा, ताकि धन के अभाव में किसी भी गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति की बिना उपचार मौत न हो।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

हाई कोर्ट ने निर्दलीय विधायकों की याचिका को किया खारिज : तीन निर्दलीय विधायकों को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली

एएम नाथ। शिमला :  हिमाचल के तीन निर्दलीय विधायकों को फिलहाल हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। हाई कोर्ट की डबल बेंच ने बुधवार को उनकी याचिका पर फैसला सुनाया है। हाई कोर्ट ने...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सुमारी-भपराल सड़क निर्माण में घटिया सामग्री पर – मंत्री ने जताई नाराजगी, अधीक्षण अभियंता को जांच के दिए निर्देश

मंत्री राजेश धर्मानी बोले गुणवत्ता को लेकर कोई समझौता नहीं रोहित जसवाल।  बिलासपुर 28 जनवरी :  प्रदेश सरकार के नगर नियोजक, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने  सुमारी-भपराल सड़क...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

भाई-बहन ने फांसी लगाकर दी जान : फ्लैट में फंदे से लटकी मिली लाशें

नई दिल्ली । दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में रविवार सुबह भाई-बहन द्वारा कथित तौर पर एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर...
हिमाचल प्रदेश

भूतपूर्व सैनिकों की ओबीसी श्रेणी से भरा जायेगा शास्त्री अध्यापक का एक पद

ऊना: उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना द्वारा भूतपूर्व सैनिकों की ओबीसी श्रेणी में शास्त्री अध्यापक का एक पद अनुबंध आधार पर अबतक के बैच से भरा जायेंगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार...
Translate »
error: Content is protected !!