अमृतसर : स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस, अमृतसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2.920 किलोग्राम हेरोइन और 8 हाई-एंड पिस्तौल बरामद किए हैं।
पंजाब के डीजीपी की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सीमा पार तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए थे। आरोप है कि वे ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त कर पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे।
पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों और हेरोइन की खेप को पंजाब में आगे सप्लाई किए जाने की आशंका है। इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर के संबंधित थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।
नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी पुलिस
जांच एजेंसियां अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही हैं। पुलिस का मुख्य फोकस सीमा पार बैठे तस्करों और पंजाब में खेप प्राप्त करने वाले लोगों के बीच संपर्क का पता लगाने पर है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इससे पहले कितनी खेप पंजाब पहुंचाई जा चुकी हैं और इन्हें किन आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान करने तथा आरोपियों के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
नशा और अवैध हथियारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि सीमा पार से होने वाली हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे से जुड़े अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
