‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत 3000 से 4500 रुपये ट्रांसफर; अब तक 70.92 लाख महिलाएं रजिस्टर्ड, 181 करोड़ रुपये जारी
अमृतसर/चंडीगढ़। रक्षाबंधन के मौके पर पंजाब सरकार ने ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं को तीसरी किस्त की सौगात दी। अमृतसर के बाबा बकाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को 5 लाख 30 हजार 303 महिलाओं के बैंक खातों में तीसरी किस्त की राशि ट्रांसफर की।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को सामान्य श्रेणी में 3,000 रुपये और अनुसूचित जाति (एससी) श्रेणी में 4,500 रुपये की राशि दी गई। सरकार के मुताबिक, अब तक योजना के तहत 70 लाख 92 हजार महिलाएं पंजीकृत हो चुकी हैं और उनके खातों में कुल 181 करोड़ रुपये की राशि पहुंचाई जा चुकी है।
इससे पहले सरकार की ओर से 1 जुलाई को पहली और 1 अगस्त को दूसरी किस्त जारी की गई थी। मुख्यमंत्री ने योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और सामाजिक सम्मान से जोड़ते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का हिस्सा बताया।
