चंबा में नशा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर भी होगी कार्रवाई: मुकेश रेपस्वाल
एएम नाथ। चंबा : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध भी नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त सोमवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकार्ड) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई।
मुकेश रेपस्वाल ने कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम, पुलिस उपाधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। चबाने वाले तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर भी नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने फर्जी चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा अनधिकृत रूप से आयुर्वेदिक दवाइयां बेचने वालों पर भी शिकंजा कसने के निर्देश दिए। साथ ही जागरूकता कार्यक्रमों के लिए विभिन्न विभागों द्वारा प्रशिक्षित मानव संसाधन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बनीखेत और डलहौजी के उपयुक्त स्थानों पर डिजिटल स्क्रीन स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया।
—————————
62 मामले, 88 आरोपी गिरफ्तार
जिला पुलिस द्वारा नशे की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वर्ष 2026 में 30 अगस्त तक 62 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 17.516 किलोग्राम चरस बरामद कर 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 548.8 ग्राम चिट्टा बरामद कर 57 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
चिट्टा से संबंधित मामलों में 216.900 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, दो आईफोन और 64,640 रुपये नकद भी बरामद किए गए। इसके अलावा 2.169 किलोग्राम पोपी हस्क बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि 868 पोपी के पौधे भी बरामद किए गए हैं। इस वर्ष अब तक नशा तस्करी से जुड़े मामलों में कुल 88 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
