एएम नाथ। चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल के अंतर्गत आने वाले टिकरीगढ़ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सड़क किनारे एक नवजात शिशु के शव के अंग मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गांव से गुजर रहे एक ट्रक चालक ने सड़क किनारे नवजात का सिर पड़ा हुआ देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही नकरोड़ पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुछ दूरी पर झाड़ियों से नवजात के शरीर का बाकी हिस्सा भी बरामद किया गया।
पुलिस ने नवजात के अवशेषों को कब्जे में लेकर पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चंबा भेज दिया है। वहां पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच करवाई जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी के अनुसार वैज्ञानिक और फोरेंसिक जांच से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव वहां तक कैसे पहुंचा।
घटना के बाद पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। नवजात किसका था और उसका शव सड़क किनारे कैसे पहुंचा, इसकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और हर संभावित पहलू की जांच कर रही है।
आशा कार्यकर्ताओं से मांगा रिकॉर्ड
जांच के तहत इलाके की सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हाल ही में गर्भवती रही महिलाओं और प्रसव से संबंधित उपलब्ध रिकॉर्ड पुलिस को जल्द उपलब्ध करवाएं, ताकि नवजात के परिवार तक पहुंचने में मदद मिल सके।
प्राथमिक जांच और शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आशंका जताई है कि शव को जंगली या आवारा जानवरों ने क्षत-विक्षत किया हो सकता है। हालांकि, नवजात की मौत का वास्तविक कारण क्या था और शव के अंग अलग-अलग स्थानों पर कैसे पहुंचे, इसका खुलासा पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
