रोहित जसवाल। ऊना : ऊना के अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) में बुधवार दोपहर HRTC और प्राइवेट बस के ड्राइवर-कंडक्टरों के बीच सवारियों को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लात-घूंसे चले। मारपीट देखकर स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को सिटी पुलिस चौकी ले जाया गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, करीब दो दिन पहले हमीरपुर-बड़सर में सवारियों को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई थी। इसी विवाद को लेकर बुधवार को ऊना ISBT में फिर कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
प्राइवेट बस कंडक्टर ने आरोप लगाया कि HRTC कर्मी ने पहले उसे थप्पड़ मारा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। वहीं, पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस CCTV फुटेज मिलने का इंतजार कर रही है। फुटेज देखने के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
