कनाडा में फिरौती और फायरिंग के मामले में पंजाबी मूल की महिला गिरफ्तार, बाद में रिहा

by

कनुप्रीत कौर पर गोली चलाने वाले आरोपी को पीड़िता की पहचान और घर का पता देने का आरोप; 6 अक्टूबर को कोर्ट में होगी पेशी

कैलगरी। कनाडा के कैलगरी में फिरौती और गोलीबारी के एक हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने पहली बार पंजाबी मूल की एक महिला को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चेस्टरमीयर निवासी कनुप्रीत कौर को फिलहाल रिहा कर दिया है। उसे 6 अक्टूबर को अदालत में पेश होने के लिए कहा गया है।

कैलगरी पुलिस के अनुसार, कनुप्रीत कौर पर आरोप है कि उसने गोली चलाने वाले संदिग्ध को पीड़ित महिला की पहचान, घर का पता और अन्य निजी जानकारी उपलब्ध कराई थी। पुलिस का कहना है कि इस जानकारी का इस्तेमाल पीड़िता और उसके परिवार को डराने के लिए किया गया।

वॉट्सऐप पर धमकी के 12 घंटे बाद घर पर फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच 25 मार्च को उस समय शुरू हुई, जब पीड़िता को एक अज्ञात नंबर से वॉट्सऐप पर धमकी भरे टेक्स्ट और वॉयस मैसेज मिलने शुरू हुए। महिला से बड़ी रकम की मांग की गई थी। हालांकि पुलिस ने मांगी गई रकम का खुलासा नहीं किया है।

पुलिस के अनुसार, धमकी देने वालों के पास पीड़िता का नाम, घर का पता, कारोबार और परिवार से जुड़ी गोपनीय जानकारी पहले से मौजूद थी। धमकी भरे संदेश मिलने के करीब 12 घंटे बाद बदमाशों ने पीड़िता के घर पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं और वाहन में सवार होकर फरार हो गए। गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

चार महीने में रंगदारी के 51 मामले

स्थानीय पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 से अब तक कैलगरी में रंगदारी के 51 मामले सामने आए हैं। इनमें से 19 मामले सीधे तौर पर फायरिंग से जुड़े बताए गए हैं। पुलिस अब तक इन मामलों में 19 आरोपियों के खिलाफ 59 अलग-अलग आरोप दर्ज कर चुकी है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें रंगदारी या फिरौती से संबंधित कोई कॉल या संदेश मिलता है तो घबराकर पैसे न दें और तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

तीन पंजाबी मूल के संदिग्धों पर कार्रवाई

17 वर्षीय नाबालिग: पुलिस ने पीड़िता और धमकी देने वालों के बीच संपर्क कराने के आरोप में 29 जुलाई को 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया था। बाद में उसे रिहा कर दिया गया। यूथ क्रिमिनल जस्टिस एक्ट के तहत उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

कनुप्रीत कौर: चेस्टरमीयर निवासी कनुप्रीत कौर को 8 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि उसने पीड़िता की निजी जानकारी अन्य संदिग्धों को उपलब्ध कराई। गिरफ्तारी के बाद उसे रिहा कर दिया गया है और अब उसे 6 अक्टूबर को अदालत में पेश होना है।

तनवीर सिंह: कैलगरी निवासी तनवीर सिंह की पुलिस तलाश कर रही है। उसके खिलाफ 5,000 कनाडाई डॉलर से अधिक मूल्य की चोरी की गाड़ी रखने के आरोप में वारंट जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार, इसी वाहन का इस्तेमाल गोलीबारी के दौरान किया गया था।

पुलिस ने तनवीर सिंह का हुलिया जारी करते हुए बताया है कि उसकी लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच, वजन लगभग 130 पाउंड है। उसके बाल काले और आंखें भूरी हैं।

पुलिस ने मामले की जांच जारी रखते हुए लोगों से संदिग्ध गतिविधियों अथवा फिरौती संबंधी किसी भी जानकारी को तुरंत साझा करने की अपील की है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

कर्मचारियों के कल्याण के लिए पंजाब सरकार वचनबद्ध : ब्रम शंकर जिंपा

होशियारपुर :17 अगस्त: कैबिनेट मंत्री पंजाब श्री ब्रम शंकर जिंपा ने कहा कि मुख्य मंत्री श्री भगवंत मान जी के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए वचनबद्ध है और उनके हित...
article-image
पंजाब

खालसा कालेज गढ़शंकर में छात्राओं को वजीफे के चेक किए वितरित

गढ़शंकर, 5 अप्रैल: बब्बर अकाली मेमोरियल खालसा कॉलेज में रीड्ज(एनजीओ) के सीईओ डॉ रजनी लांबा द्वारा अपने माता-पिता कर्नल ओ.पी. लांबा तथा कृष्णा लांबा की याद में मेरिट होल्डर विद्यार्थियों को दिए जाते वजीफे...
article-image
पंजाब

बड़ी खबर : सांसद अमृतपाल सिंह के साथियों को गिरफ्तार करने असम पहुंची पुलिस

अमृतसर :  पंजाब के अमृतसर से बड़ी खबर सामने आई है। खालिस्तानी संगठन वारिस पंजाब दे के मुखी तथा खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के सात साथियों को पंजाब लाने के लिए पुलिस...
Translate »
error: Content is protected !!