झगड़े के बाद पत्थर से सिर पर किए वार; शव चांगरू झील में फेंकने का आरोप, गोताखोर तलाश में जुटे
एएम नाथ। बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की झंडूता तहसील के समलेटू गांव में एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लापता हुए 45 वर्षीय मदन लाल की कथित तौर पर उसके बड़े भाई बिशन दास और भाभी रानो देवी ने हत्या कर दी। इसके बाद शव को चांगरू झील में फेंक दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की शुरुआत 13 सितंबर को हुई, जब मदन लाल के भाई रोशन लाल ने झंडूता थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, मदन लाल 11 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
झगड़े की जानकारी से खुला हत्या का राज
जांच के दौरान 15 सितंबर को पुलिस को अहम जानकारी मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि मदन लाल के गायब होने वाली शाम उसका अपने बड़े भाई बिशन दास और भाभी रानो देवी के साथ तीखा विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने मदन लाल के सिर पर भारी पत्थर से वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
शव झील में फेंकने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को चांगरू ले जाकर झील के गहरे पानी में फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद शव को झील में फेंके जाने की जानकारी सामने आई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, गोताखोर तलाश में
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। झील में फेंके गए शव की तलाश के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
