कविन्द्र गुप्ता बोले- शासन व्यवस्था और समकालीन संदर्भों में मानवाधिकारों को समझने में उपयोगी होगी पुस्तक
एएम नाथ। शिमला। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लोकभवन में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. जयंत कुमार शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ‘कौटिल्य के अर्थशास्त्र में मानवाधिकार’ का विमोचन किया।
राज्यपाल ने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तक में राज्य, शासन व्यवस्था और विज्ञान से जुड़े विभिन्न पहलुओं के संदर्भ में मानवाधिकारों का गहन अध्ययन किया गया है। इसमें मानवाधिकारों के संरक्षण से जुड़े सिद्धांतों और उपायों का भी व्यापक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुस्तक आधुनिक समय में मानवाधिकारों की स्थिति और उनके विकास पर भी प्रकाश डालती है। यह शासन व्यवस्था और समाज के संदर्भ में मानवाधिकारों की प्रासंगिकता को समझने में उपयोगी साबित होगी।
राज्यपाल ने साहित्य और अकादमिक विमर्श के क्षेत्र में डॉ. जयंत कुमार शर्मा के योगदान की सराहना की तथा उनके भविष्य के साहित्यिक एवं विद्वत्तापूर्ण कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम लाल गौतम ने अपनी पुस्तकें ‘चेतना के उन्मेष’ और ‘कल्याणी’ राज्यपाल को भेंट कीं। कार्यक्रम में राजेन्द्र भारद्वाज, अमिता भारद्वाज और विमला शर्मा भी उपस्थित रहे।
