परिजन तलाश करते हुए बाथरूम पहुंचे तो अचेत मिली बच्ची; अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस ने शुरू की जांच
एएम नाथ। बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के भराड़ी कस्बे में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची खेलते-खेलते बाथरूम में पहुंच गई थी। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान वह पानी से भरी बाल्टी में अचेत अवस्था में मिली।
परिजन घरेलू काम में थे व्यस्त
जानकारी के अनुसार, भराड़ी कस्बे में दर्जी का काम करने वाले जाहिद अंसारी, निवासी श्रीनगर, तहसील पीरपैंती, जिला भागलपुर (बिहार), मंगलवार शाम परिवार के साथ कमरे में थे। परिवार के सदस्य घरेलू कामकाज में व्यस्त थे। इसी दौरान करीब सात बजे उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी खेलते-खेलते बाथरूम की ओर चली गई।
बाल्टी में अचेत मिली बच्ची
कुछ समय बाद बच्ची के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाथरूम में बच्ची पानी से भरी बाल्टी में औंधे मुंह गिरी मिली। परिजनों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए भराड़ी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
प्रारंभिक जांच में हादसा
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना हादसा प्रतीत हो रही है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
