गढशंकर : गांव चक्क फल्लू में एक युवक की टैक्सी में तोड़फोड़ और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की घटना के करीब तीन सप्ताह बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को गढशंकर के बंगा चौक पर करीब दो घंटे तक यातायात जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, चक्क फल्लू निवासी इंद्रप्रीत सिंह ने बताया कि उसने अपनी गाड़ी (पीबी 24 ई-8969) राजा साहिब के धार्मिक स्थान की सेवा में लगा रखी थी। तीन सितंबर की रात वह गाड़ी घर के बाहर खड़ी करके सो गया था। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कुछ अज्ञात व्यक्ति आए और गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। उन्होंने शीशों पर लगे राजा साहिब के पोस्टर भी फाड़ दिए, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
घटना की शिकायत गढशंकर पुलिस को दी गई थी, लेकिन तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित बंगा चौक पर धरना देकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। जाम के कारण चंडीगढ़, होशियारपुर, जालंधर, नंगल और आनंदपुर साहिब की ओर जाने वाले वाहन बुरी तरह फंस गए।
करीब दो घंटे बाद डीएसपी भारत भूषण सैनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने धरनाकारियों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया और यातायात बहाल हुआ।
इस अवसर पर रणजीत सिंह, बलजिंदर सिंह, अमरजीत सिंह, नवदीप सूद, दिलबाग सिंह और निहंग सिंह अमरजीत सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने सभा को संबोधित किया।
फोटो कैप्शन : बंगा चौक पर धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते ग्रामीण, धरनाकारियों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन देते डीएसपी भारत भूषण सैनी और तोड़ी गई गाड़ी।
