एएम नाथ। मंडी, 4 अक्तूबर (सतलुज ब्यास टाइम्स): मंडी जिले के घटासनी-बरोट क्षेत्र में रविवार को एक महिला और उसके चार वर्षीय बच्चे द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया। घटना के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से श्री लाल बहादुर शास्त्री गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नेरचौक रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में महिला और बच्चे ने जहरीला पदार्थ निगला।
फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
SP मंडी ने की मामले की पुष्टि
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला और उसके चार वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
