चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में येलो अलर्ट; तापमान गिरने से बढ़ेगी ठंड
शिमला। हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बारालाचा ला और शिंकुला दर्रे में बर्फबारी के बाद पहाड़ों का नजारा मनमोहक हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आगामी दिनों के दौरान बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इससे तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 और 12 अक्टूबर को मुख्य रूप से मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। वहीं, 13 और 14 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा चंबा, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 16 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। बारिश और बर्फबारी के चलते खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ सकता है।
ऊना में 33.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
इससे पहले 10 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। मैदानी और निचले इलाकों में गर्मी का असर बना रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। ऊना में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में 30 डिग्री, सुंदरनगर में 29.1 डिग्री, भुंतर में 29.4 डिग्री और मंडी में 28.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री, जबकि मनाली में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और पर्यटकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। ऊंचाई वाले इलाकों और दर्रों की ओर जाने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें। मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और प्रतिकूल परिस्थितियों में यात्रा करने से बचें।
