मानसा में इंसाफ मोर्चे में शामिल होकर किया आंदोलन का समर्थन, लोगों से काली पगड़ियां, चुन्नियां और झंडे लेकर विरोध जताने की अपील
चंडीगढ़। पंजाब में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर इंसाफ की मांग के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मामले में न्याय मिलने तक काली पगड़ी बांधकर विरोध जारी रखने का ऐलान किया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि जब तक झोटा को इंसाफ नहीं मिलता, तब तक वह काली पगड़ी बांधते रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा इस संघर्ष में हर स्तर पर पीड़ित परिवार और आंदोलनकारियों के साथ खड़ी रहेगी।
शनिवार को केवल सिंह ढिल्लों मानसा पहुंचे और परविंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर चल रहे मोर्चे में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि जब तक मामले में न्याय नहीं मिलता, तब तक काली पगड़ियां, काली चुन्नियां और काले झंडे लेकर अपना विरोध दर्ज करवाएं।
झोटा के पिता और संगत ने स्वीकार की अपील
केवल सिंह ढिल्लों की इस अपील को झोटा के पिता सरदार भीम सिंह और मोर्चे में शामिल संगत ने स्वीकार किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वह न्याय मिलने तक काली पगड़ी पहनकर अपना विरोध जारी रखेंगे। उनके इस ऐलान को झोटा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के प्रति भाजपा के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।
13 अक्टूबर को हुई थी झोटा की हत्या
परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को हत्या के बाद यह मामला पंजाब में चर्चा का विषय बन गया। घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मानसा में मोर्चा चल रहा है।
मामले में शुरुआत में मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार का नाम सामने आया था। पुलिस ने राजस्थान के सालासर से कथित मुख्य शूटर को भी गिरफ्तार किया था। झोटा के परिजन और समर्थक मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं। इसी बीच केवल सिंह ढिल्लों ने आंदोलन को समर्थन देते हुए न्याय मिलने तक काली पगड़ी बांधने की घोषणा की है।
