महर्षि वाल्मीकि जयंती पर विधायक ने की घोषणा; गांव में पांच सोलर लाइटें लगाने का भी ऐलान, आयोजन समिति को दिए 11 हजार रुपये
एएम नाथ। धर्मशाला, 25 अक्टूबर। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कजलोट गांव के 28 परिवारों को जल्द ही मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू भूमि पट्टे प्रदान करेंगे। वह रविवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में कजलोट में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति, साहित्य और आध्यात्मिक परंपरा के महान प्रकाश स्तंभ हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी मानवता को सत्य, न्याय, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के आदर्श जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और विकास का लाभ पहुंचाना भी है।
कजलोट से मैक्लोडगंज तक निकली शोभायात्रा
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर कजलोट से मैक्लोडगंज तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विधायक केवल सिंह पठानिया ने शोभायात्रा की अगुवाई की। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति को 11 हजार रुपये की नकद राशि भेंट की और कजलोट गांव के विभिन्न स्थानों पर पांच सोलर लाइटें स्थापित करने की घोषणा की।
सामाजिक समानता और समरसता का दिया संदेश
इस अवसर पर राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी शिक्षाएं सामाजिक समरसता, समानता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना तथा वंचित और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
