इंसाफ रैली में खरगे, बाजवा, चन्नी, सिंगला और परगट सिंह ने भी साधा निशाना; नशा, गैंगस्टरवाद और किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा।
संगरूर। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने संगरूर के गांव फगुवाला से अपने राजनीतिक अभियान को धार देनी शुरू कर दी है। कांग्रेस की इंसाफ रैली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने पंजाब में नशे, गैंगस्टरवाद, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और उद्योगों की बदहाली को लेकर सरकार को घेरा। रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला के साथ अपनी पुरानी मुलाकात को याद करते हुए कहा कि वह बेहद प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा थे। उन्होंने कहा कि जिस पिता को अपने जवान बेटे की अर्थी उठानी पड़े, उससे बड़ा दुख कोई नहीं हो सकता। राहुल ने आरोप लगाया कि मूसेवाला की सुरक्षा हटाए जाने के बाद दिनदहाड़े उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा और गैंगस्टरवाद गंभीर संकट बन चुके हैं।
नशे के खात्मे के लिए उद्योग और खेती को मजबूत करना जरूरी
राहुल गांधी ने कहा कि जब उन्होंने पहले पंजाब में नशे का मुद्दा उठाया था, तब कई राजनीतिक दलों ने उनकी बात को नकार दिया था। आज नशा प्रदेश के सामने बड़ी चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब में उद्योग, फैक्ट्रियां और खेती-किसानी मजबूत नहीं होगी, तब तक नशे और गैंगस्टरवाद की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया गया था, लेकिन आज सरकार को बताना चाहिए कि प्रदेश के किस हिस्से से नशा खत्म हुआ है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने उनके नशे से जुड़े होने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जिसे पंजाब की वास्तविक समस्याओं का दर्द हो।
मोदी को बहस की चुनौती, पांच मिनट में जवाब देने का दावा
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कांग्रेस नेताओं को देशद्रोही बताते हैं तो उन्हें सामने बैठकर इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो किसी भी मंच या एनडीटीवी के स्टूडियो में उनके साथ बहस कर सकते हैं। दोनों पक्षों के लिए किसी भी व्यक्ति को निर्णायक बनाया जा सकता है। राहुल गांधी ने दावा किया कि वह पांच मिनट में बता देंगे कि वास्तविकता क्या है।
पंजाब की सरकार दिल्ली से नहीं चलनी चाहिए
राहुल गांधी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पंजाब का मुख्यमंत्री भगवंत मान है तो प्रदेश की सरकार के फैसले दिल्ली में क्यों लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार पंजाब के लोगों और यहां के नेताओं की जरूरतों के अनुसार चलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को आर्थिक सहायता, किसानों को एमएसपी और नशा खत्म करने जैसे बड़े वादे किए गए थे, लेकिन जनता आज भी इन वादों के पूरा होने का इंतजार कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब देश का पेट भरता है। यहां की खेती और उद्योग दोनों को बचाना जरूरी है। एक समय पंजाब खेल, टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में मजबूत औद्योगिक पहचान रखता था। कांग्रेस ही किसानों के हितों की रक्षा और उद्योगों को दोबारा मजबूत करने की दिशा में काम कर सकती है।
खरगे बोले- पंजाब की नीति पंजाब के नेता तय करेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज पंजाब के लिए महत्वपूर्ण दिन है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने कांग्रेस की एकजुटता का संदेश दिया है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकता बनाए रखने की अपील की। खरगे ने वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
उन्होंने भगवंत मान सरकार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि पंजाब की नीतियां पंजाब के नेता ही तय करेंगे। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस पंजाब में जीत हासिल करती है तो इसका असर पूरे देश की राजनीति पर पड़ेगा।
विजयइंदर सिंगला ने उठाया संगरूर के विकास का मुद्दा
वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजयइंदर सिंगला ने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति का केंद्र संगरूर रहा है, लेकिन इस क्षेत्र को अपेक्षित विकास नहीं मिला। उन्होंने भाजपा पर भी संगरूर और पंजाब की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय संगरूर में कैंसर अस्पताल स्थापित करवाया गया था।
रंधावा ने भगवंत मान पर साधा निशाना
सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए पूर्व सांसद तेजा सिंह स्वतंत्र का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि 1957 में संगरूर से सांसद तेजा सिंह स्वतंत्र के निधन के बाद उनके थैले से केवल दो रोटियां और अचार मिला था। इसके विपरीत उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर शराब की बोतलों से जुड़ी टिप्पणी की।
चन्नी बोले- कांग्रेस की रैली में लोग विवाह की तरह आते हैं
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मंच पर पहुंचने से पहले समर्थकों ने उनके पक्ष में नारेबाजी की। चन्नी ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की रैली में लोग विवाह समारोह की तरह उत्साह से पहुंचते हैं, जबकि आप की रैलियों में भोग की तरह जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि अपने छोटे से मुख्यमंत्री कार्यकाल में उन्होंने हर वर्ग को राहत देने के लिए काम किया था।
बाजवा बोले- 2027 में कांग्रेस की वापसी की नींव रखी
प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब का हर पंजाबी आज इंसाफ की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का राजनीतिक सफर संगरूर से ही आगे बढ़ा था और अब कांग्रेस ने भी इसी धरती से अपनी रैलियों की शुरुआत करने का फैसला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार ने पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया है और प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है। बाजवा ने कहा कि 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने की नींव संगरूर से रख दी गई है और आप का विकल्प केवल कांग्रेस है।
परगट सिंह ने सरकार पर लगाया जंगलराज का आरोप
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि पांच साल पहले संगरूर की इसी धरती से लोगों ने नए पंजाब के सपने देखे थे, लेकिन आज प्रदेश में जंगलराज जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने धान खरीद में आ रही समस्याओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब ने कभी तानाशाही और नफरत की राजनीति को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केवल पगड़ी बांध लेने से इंकलाब नहीं आ जाता। परगट सिंह ने दावा किया कि 2029 में राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनते देखने की इच्छा जनता में है।
राजा वड़िंग ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूती की अपील की
पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जो साधारण परिवारों से आने वाले लोगों को भी राजनीति में आगे बढ़कर जनता की सेवा करने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें कांग्रेस पार्टी के विश्वास और अवसर का बड़ा योगदान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए हर बूथ पर मजबूती से लड़ाई लड़ें और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करें। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसी जनहितैषी सरकार बनाने के लिए सभी कांग्रेसियों को एकजुट होकर काम करना होगा।
रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। मंच से राहुल गांधी को हल और तलवार भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
