सुक्खू सरकार ने स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को दी मंजूरी, 50 साल बाद देनदारियों से मुक्त परियोजनाएं राज्य सरकार को होंगी हस्तांतरित
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के प्राकृतिक संसाधनों से होने वाली आय बढ़ाने और वित्तीय स्थिति मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इसके तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी की ओर से संचालित जलविद्युत परियोजनाओं के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य को 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी मिलेगी। वहीं, परियोजना के 50 वर्ष पूरे होने पर सभी देनदारियों से मुक्त होने के बाद उसे बिना किसी लागत के राज्य सरकार को हस्तांतरित करना होगा।
इस प्रावधान को लागू करने के लिए संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इस फैसले से हिमाचल को अपने जल संसाधनों से अधिक आर्थिक लाभ मिलेगा और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे।
पहले 12 से 30 प्रतिशत तक मिलती थी मुफ्त बिजली
मौजूदा ऊर्जा नीति के तहत जलविद्युत परियोजनाओं से राज्य को पहले 12 वर्षों तक 12 प्रतिशत, अगले 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और अंतिम 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी मिलती है। 30 सितंबर 2024 को अधिसूचित प्रावधान मुख्य रूप से केंद्रीय और राज्य सार्वजनिक उपक्रमों तथा संयुक्त क्षेत्र की संस्थाओं को आवंटित होने वाली परियोजनाओं पर लागू थे। इसके चलते एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी की पहले से संचालित परियोजनाओं से रॉयल्टी बढ़ाने का मामला इस दायरे में शामिल नहीं हो पा रहा था। अब संशोधन के माध्यम से इन परियोजनाओं को भी शामिल किया गया है।
एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी की परियोजनाओं को मिलेगा लाभ
संशोधित नीति के दायरे में प्रदेश की कई प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। इनमें एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 परियोजनाएं शामिल हैं। एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजनाओं के साथ एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना भी इसके अंतर्गत आएगी।
बैरा स्यूल जलविद्युत परियोजना वर्ष 1982 में शुरू हुई थी और इसके व्यावसायिक संचालन को 40 वर्ष से अधिक हो चुके हैं। ऐसे में संशोधित प्रावधान इस परियोजना के लिए भी महत्वपूर्ण होंगे।
प्राकृतिक संसाधनों पर हिमाचल का उचित अधिकार सुनिश्चित करने का प्रयास
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। जलविद्युत प्रदेश की आय के प्रमुख स्रोतों में से एक है और राज्य के जल संसाधनों का उपयोग करने वाली परियोजनाओं से प्रदेश को उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुफ्त बिजली रॉयल्टी में वृद्धि से प्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त धन उपलब्ध होगा।
