80 साल बाद संगत के लिए खुला पाकिस्तान का ऐतिहासिक गुरुद्वारा खारा साहिब

by
विभाजन के बाद से बंद गुरुधाम में फिर हुआ श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश, श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने किया उद्घाटन

अमृतसर। भारत-पाकिस्तान विभाजन के करीब 80 वर्ष बाद पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गुजरांवाला जिले में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा पातशाही छठी खारा साहिब (भाई के मट्टू) को संगत के लिए दोबारा खोल दिया गया है। लंबे समय से बंद पड़े इस ऐतिहासिक गुरुधाम की सेवा-संभाल और नवीनीकरण के बाद यहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश किया गया। इस अवसर पर सिख संगत में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।

गुरुद्वारा साहिब का उद्घाटन श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एवं पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने संयुक्त रूप से किया। बताया गया कि किसी गुरुद्वारा साहिब की सेवा-संभाल के बाद उसे दोबारा खोलने के औपचारिक समारोह में पहली बार श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने शिरकत कर उद्घाटन किया।

1620 में श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी ने किया था प्रवास

ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, छठे पातशाह श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी वर्ष 1620 में कश्मीर यात्रा से लौटते समय इस स्थान पर पहुंचे थे। गुरु साहिब यहां करीब एक माह तक ठहरे और गुरसिखी का प्रचार किया। इस दौरान क्षेत्र के कुछ स्थानीय पंडित गुरु साहिब के सिख बने और उन्हें ‘भाई’ का संबोधन मिला। इसी जुड़ाव के चलते यह स्थान खारा साहिब के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

गांववासियों ने वर्ष 1940 से 1945 के बीच गुरुद्वारा साहिब की पक्की इमारत का निर्माण करवाया था। गांव की निवासी माई सहजों जी ने यहां पक्का सरोवर बनवाया था। वर्ष 1900 से 1947 तक इस गुरुधाम में लगातार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश होता रहा। सावन महीने की पांच, छह और सात तारीख को यहां वार्षिक जोड़ मेला भी आयोजित किया जाता था। गुरुद्वारा साहिब का प्रबंधन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधीन था।

गुरुद्वारा परिसर में भाई जसपत जी की प्राचीन समाधि भी स्थित है। नवीनीकरण के दौरान इसके मूल स्वरूप को सुरक्षित रखा गया। भाई जसपत जी कठिन दौर में गांवों से राशन एकत्रित कर लंगर तैयार करते और जंगलों में जाकर सिंहों तक भोजन पहुंचाते थे। गुरुद्वारा साहिब की मंजी साहिब और गुंबद की सेवा भी उन्होंने करवाई थी।

पुरानी वास्तुकला को सुरक्षित रखकर किया गया जीर्णोद्धार

गुरुद्वारा साहिब की ऐतिहासिक बनावट और विरासत को संरक्षित रखते हुए मरम्मत तथा नवीनीकरण का कार्य शिरोमणि कमेटी सदस्य मोहिंदर सिंह हुसेनपुर के बेटे बरजिंदर सिंह हुसेनपुर और बीबी सुख सागर कौर के नेतृत्व वाली संस्था ‘सेवा संभाल’ ने परिवार के सहयोग से पूरा करवाया। इस कार्य में सिख संगत, औकाफ बोर्ड और पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने भी सहयोग दिया।

नेशनल कॉलेज ऑफ आर्ट्स, लाहौर ने नवीनीकरण के दौरान सलाहकार की भूमिका निभाई। गुरुद्वारा साहिब की प्राचीन शैली को बरकरार रखने के लिए पुरानी तकनीक के अनुरूप मीनाकारी की गई और ऐतिहासिक पत्थरों को भी संभालकर रखा गया।

ननकाना साहिब से लाए गए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप का प्रकाश

उद्घाटन समारोह से पहले जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने पांच प्यारों के साथ गुरु साहिब के समक्ष अरदास की। उन्होंने बिछड़े गुरुधामों के दोबारा आबाद होने, सिख संगत की चढ़दी कला और चढ़ते तथा लहंदे पंजाब की तरक्की, शांति एवं भाईचारे के लिए कामना की।

इसके बाद गुरुद्वारा जन्म स्थान श्री ननकाना साहिब से लाए गए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप का प्रकाश किया गया। रहिरास साहिब के पाठ के उपरांत दीवान सजाए गए और गुरबाणी कीर्तन हुआ। समारोह के अगले चरण में गुरुद्वारा साहिब के पार्क में संबोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रमुख शख्सियतों को सम्मानित भी किया गया।

80 साल बाद प्रकाश होना पूरे खालसा पंथ के लिए खुशी का अवसर : जत्थेदार

ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान सिख पंथ अपने अनेक ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान से बिछुड़ गया था। इन पवित्र स्थलों के खुले दर्शन-दीदार के लिए सिख संगत लगातार अरदास करती आ रही है। करीब 80 वर्ष बाद खारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश होना पूरे खालसा पंथ के लिए गौरव और प्रसन्नता का अवसर है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में अकाली नेता परमजीत सिंह सरना के कहने पर वह इस स्थान पर आए थे। उसी दौरान मिली प्रेरणा के बाद गुरुद्वारा साहिब की सेवा-संभाल का कार्य शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक गुरुधामों की विरासत को सुरक्षित रखना सिख पंथ की सामूहिक जिम्मेदारी है।

भारतीय श्रद्धालुओं को खारा साहिब के दर्शन करवाने की अपील

जत्थेदार गड़गज्ज ने रमेश सिंह अरोड़ा और एमएनए अजहर कय्यूम नाहरा से आग्रह किया कि भविष्य में जब भारत से सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान आए तो उन्हें गुरुद्वारा खारा साहिब के दर्शन भी करवाए जाएं।

उन्होंने पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश स्थायी रूप से जारी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार ग्रंथी, रागी और सेवादार नियुक्त करने की अपील की। साथ ही स्थानीय प्रशासन से इस ऐतिहासिक गुरुधाम में अन्य प्रमुख गुरुद्वारों की तर्ज पर पुख्ता सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

सड़क सुरक्षा और नशे पर नकेल के लिए एक्शन में प्रशासन डीसी जतिन लाल बोले… जिले में होगी समन्वित और निर्णायक कार्रवाई

रोहित जसवाल। ऊना, 29 नवंबर. उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नशे में संलिप्तता से जुड़ी गतिविधियों पर कड़ी नकेल कसने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

डंगोरी-बीत के रणजीत चौधरी बने कनाडा क्रिकेट के वाइस चेयरमैन, इलाके में खुशी की लहर

गढ़शंकर। कनाडा में गढ़शंकर के इलाका बीत के गांव डंगोरी-बीत  रणजीत चौधरी कनाडा क्रिकेट की प्रबंधक कमेटी के लिए हुए चुनाव में वाइस चेयरमैन निर्वाचित हुए है। कनाडा क्रिकेट के वाईस चेयरमैन बनकर  विदेश...
article-image
पंजाब

 मास्क न पहनना व नाइट कफ्र्यू के दौरान गैर जरुरी यातायात पर होगी कार्रवाई,  कफ्र्यू के उल्लंघन पर 28 मामले दर्ज, मास्क न पहनने पर 471 चालान : एस.एस.पी

लोग कोविड संबंधी निर्देशों को गंभीरता से अपनाएं होशियारपुर  : कोरोना वायरस के बढ़ रहे मामलों के मद्देनजर एस.एस.पी नवजोत सिंह माहल ने लोगों को अपील करते हुए कहा कि सरकार व स्वास्थ्य विभाग...
article-image
पंजाब

 तेज रफतार की ट्रैकटर ट्राली की फैट से  मां व दो वर्षीय बेटे की मौत दूसरे बेटा घायल, पति वाल वाल वचा

 गढ़शंकर: गढ़शंकर रेलवे फाटक पर तेज रफतार ट्रैकटर ट्राली की फैट से मोटरसाईकल स्वार महिला व उसके दो वर्षीय बेटे की मौके पर मौत हो गई तो महिला का दूसरा बेटे को चोटे आई...
Translate »
error: Content is protected !!