महिलाओं को नशा मुक्ति अभियान के लिए आगे आना चाहिएः सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन में रेडक्रॉस महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकता : राज्यपाल शुक्ल

by

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रेडक्रॉस स्वयं सेवकों और महिलाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं विशेषकर छात्राओं को नशे के खिलाफ लड़ने के लिए आगे आना चाहिए।
राज्यपाल ने आज नालागढ़ में जिला रेडक्रॉस सोसायटी सोलन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान सम्बोधित किया।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस पीड़ित मानवता के लिए कार्य कर रहा है और इसकी सेवाओं का उपयोग समाज से बुराइयों को खत्म करने के लिए भी किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से रेडक्रॉस के साथ जुड़ने का आग्रह किया ताकि वंचित लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए मानवीय गतिविधियां चलाई जा सकें। कल्याणकारी गतिविधियों में तेजी लाने के लिए संसाधन जुटाने के प्रयास किए जाने चाहिए और जिम्मेदार नागरिकों को रेडक्रॉस की गतिविधियों के साथ खुद को जोड़ना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस मेले करुणा, एकता और सेवा की भावना के प्रमाण हैं, जो रेडक्रॉस आंदोलन को परिभाषित करते हैं। रेडक्रॉस का प्रतीक मानव कल्याण की प्रेरणा देता है तथा यह गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए आशा की किरण है। उन्होंने कहा कि हमें भी इस संस्था से प्रेरणा लेकर गरीब व जरूरतमंद लोगों की सेवा करनी चाहिए।


राज्यपाल ने विभिन्न आपदाओं के दौरान गरीबों को मुफ्त दवाइयां व अन्य चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने सहित रेडक्रॉस सोसायटियों द्वारा प्रदान की गई अन्य सेवाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने, शिक्षित करने व प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जिला रेडक्रॉस सोसायटी सोलन के प्रयासों की सराहना की।
श्री शुक्ल ने उद्योगपतियों से रेडक्रॉस कोष में उदारतापूर्वक दान देने का भी आग्रह किया। उन्होंने जिला शाखा को अधिक आजीवन सदस्य जोड़ने के भी निर्देश दिए।
राज्यपाल ने इस अवसर पर रजोत सिंह द्वारा लिखित पुस्तक ‘कैंथ के पेड़’ का विमोचन किया।
उन्होंने इस अवसर पर मनोज अग्रवाल, शशि कौशल, सुरेन्द्र शर्मा व चौधरी हरभजन सिंह सहित अन्य दानियों को सम्मानित किया।
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा तीन दिवसीय जिला रेडक्रॉस मेले का उद्घाटन करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बलावांह में रक्तदान इकाई समर्पित करने के लिए भी उनका आभार व्यक्त किया तथा कहा कि आईजीएमसी शिमला के बाद यहां दूसरी इकाई स्थापित की गई है।
उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने भी राज्यपाल का स्वागत किया तथा उन्हें सम्मानित किया। राज्यपाल ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हिमाचल प्रदेश तथा किनवन प्राइवेट लिमिटेड के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व की पहल पर लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ब्लड बैंक कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का भी उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी तथा विभिन्न संगठनों के स्टॉलों तथा रक्तदान शिविर का भी उद्घाटन किया।
इसके पश्चात, राज्यपाल नालागढ़ विकास खंड की रडियाली पंचायत में नशा निवारण जन-जागरण कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने पूरे प्रदेश में पंचायत स्तर पर नशे के विरुद्ध अभियान चलाया है। इस अभियान में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को विशेष रूप से इस अभियान में शामिल करके इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अवैध नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। शुक्ल ने कहा कि नशाखोरी को लेकर हम सभी चिंतित हैं, क्योंकि यह आने वाली पीढ़ी के भविष्य का सवाल है। हम सभी को मिलकर इस बुराई से लड़ना होगा।
राज्यपाल ने कहा कि नशाखोरी के खिलाफ लड़ाई हर घर से शुरू होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति नशाखोरी के खिलाफ मजबूती से खड़ा हो जाए तो यह समस्या अपने आप दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस अभियान में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने स्थानीय विधायक से नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाने का आग्रह किया। उन्होंने नशामुक्ति के लिए जन जागरण अभियान में महिलाओं का सहयोग मांगा।
राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि को नशामुक्त बनाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिमाचल में बढ़ती नशे की लत पर चिंता जताई है और इस दिशा में कार्य करने को कहा है। उन्होंने इस मुद्दे पर ग्रामीणों से भी बातचीत की।
राज्यपाल ने इस अवसर पर नशा विरोधी रैली को हरी झंडी दिखाई।
इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला, नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्ष वंदना बंसल, पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, राज्यपाल के सचिव सी.पी.वर्मा, बीबीएनडीए की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनाक्षी तोमर, पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, नालागढ़ औद्योगिक संघ के सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

अगर महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना तहत लेने है तो जानिए क्या करना होगा ?

शिमला।    हिमाचल सरकार ने भी इंदिरा गांधी इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना का शुभारंभ किया। महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की ये पहल बहुत ही सराहनीय है।  सम्‍मान निध‍ि योजना...
article-image
हिमाचल प्रदेश

3 वर्षों में 9,393 किसानों ने अपनाई प्राकृतिक खेती : प्राकृतिक खेती को मिला ‘गारंटी का बाजार’, हिमाचल में बढ़ रहा किसानों का भरोसा

सुक्खू सरकार की पहल से मिला नया संबल, गेहूं, मक्की और हल्दी की सरकारी खरीद और बढ़े एमएसपी से मजबूत हुआ किसानों का विश्वास ऊना बना सकारात्मक बदलाव का उदाहरण, तीन वर्षों में 9,393...
article-image
हिमाचल प्रदेश

प्रशासनिक फेरबदल : आधा दर्जन एचएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

एएम नाथ । शिमला, 28 अप्रैल । हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए कई एचएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी आदेशों के तहत कुछ अधिकारियों को उनके वर्तमान...
article-image
Uncategorized , दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , समाचार , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

PM की मनीष तिवारी से सीरियस चर्चा, आनंद शर्मा से ठहाके और बगल में थरूर

नई दिल्ली :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पीएम आवास में भारत के आउटरीच कार्यक्रम के लिए कई देशों की यात्रा करने वाले डेलिगेशन से मुलाकात की. डेलिगेशन से मुलाकात के दौरान की...
Translate »
error: Content is protected !!