उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा में 23 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ

by

पेयजल, सिंचाई और अग्निशमन सेवाओं को मिलेगी मजबूती, हजारों लोगों को होगा लाभ

ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

एएम नाथ। चंबा :  उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर लगभग 23 करोड़ रुपये की पेयजल, सिंचाई और अग्निशमन से जुड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभिन्न स्थानों पर उप मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
उप मुख्यमंत्री ने 6.91 करोड़ रुपये की लागत से चंबा शहर की अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रस्तावित कार्यों की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने 8.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित संवर्धित पेयजल योजना साच–परेल–सुल्तानपुर का उद्घाटन किया। इस योजना के माध्यम से ग्राम पंचायत साच और द्रमण के लगभग 10 हजार लोगों को स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध होगा।
उन्होंने 1.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहाव सिंचाई योजना भाला–टिपरी–चलेरा का भी शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूर्ण होने पर 42.30 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त उप मुख्यमंत्री ने 5.94 करोड़ रुपये की लागत से बहाव सिंचाई योजना साहो के पुनर्निर्माण (रीमॉडलिंग) कार्य की आधारशिला भी रखी। इस परियोजना के पूरा होने पर 76.45 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचाई सुविधा से लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
——————==
ओबड़ी फ्लैश फ्लड प्रभावित क्षेत्र के लिए 50 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा

दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चंबा विधानसभा क्षेत्र के ओबड़ी में हाल ही में आए फ्लैश फ्लड से प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन से राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक पुनर्वास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये की विशेष सहायता राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
———————
साहो में जल शक्ति विभाग का उप मंडल खोलने की घोषणा

साहो में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए जल शक्ति विभाग का नया उप मंडल (सब डिवीजन) खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में तेजी आएगी और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होगा।
उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पूरा दिन साहो में रहकर लोगों की शिकायतें सुनें और उनका तत्काल निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
———————
भारत गांवों में बसता है, गांवों तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता : मुकेश अग्निहोत्री

साच, भाला और साहो में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत गांवों में बसता है और जनप्रतिनिधियों का गांवों तक पहुंचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक नेता गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं नहीं सुनेंगे, तब तक उनका वास्तविक समाधान संभव नहीं है। यही कारण है कि उन्होंने इन विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास सचिवालय या किसी अन्य स्थान पर न कराकर संबंधित गांवों में जाकर लोगों के बीच किया।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी लोगों की जरूरतों को समझें और उसी के अनुसार अपनी कार्यशैली विकसित करें। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों से कहा कि जहां जनता बस सेवा की मांग कर रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर बसें चलाई जाएं ताकि एचआरटीसी के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल हो रही हैं। जिन मार्गों पर इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी, वहां से डीजल बसों को अन्य जरूरत वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भेजा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को परिवहन सुविधा मिल सके।
स्थानीय विधायक नीरज नैय्यर ने क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देने तथा गांवों में पहुंचकर उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के लिए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान पूर्व मंत्री आशा कुमारी, भारती नैय्यर, जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली, पंचायत प्रधान भाला संदीपनी ठाकुर, पंचायत प्रधान साहो ओम प्रकाश, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा तथा वन, जल शक्ति, एचआरटीसी, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

500 करोड़ से ज्यादा संपत्ति के मालिक है बीजेपी प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु

चंडीगढ़ :  हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद विधानसभा सीट से मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया. उनकी गिनती प्रदेश के सबसे अमीर राजनेताओं में होती है....
article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

89 प्राथमिक विद्यालयों और 10 माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या शून्य : 701 प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों की संख्या मात्र पांच

एएम नाथ। शिमला :  मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज यहां शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर विशेष ध्यान...
article-image
हिमाचल प्रदेश

पाइप गैस रसोई में पहुंचाने वाला ऊना राज्य का पहला जिला बना, अब तक 220 घरों में पहुंची पीएनजी गैसः सत्ती

250 करोड़ से जिला ऊना, बिलासपुर तथा हमीरपुर जिला के शहरी क्षेत्रों में दिए जाएंगे पीएनजी गैस कनेक्शन ऊना, 25 नवंबरः जिला ऊना हिमाचल प्रदेश का पहला ज़िला बन गया है, जहां पर पाइप...
article-image
हिमाचल प्रदेश

प्रोडक्शन व प्रोडक्शन हेल्पर के पदों हेतू साक्षात्कार 11 अगस्त को ऊना में

ऊना, 9 अगस्त – मैसर्ज़ इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन मैहतपुर द्वारा 11 अगस्त को प्रातः 10.30 बजे जिला रोजगार कार्यालय ऊना में साक्षात्कार का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए जिला रोजगार...
Translate »
error: Content is protected !!