112 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर चुका है ऊना जिला, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
रोहित जसवाल। ऊना, 21 नवंबर। तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत शनिवार को जिला ऊना की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने, तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नियंत्रण और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम सभाओं में सभी राजस्व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियमों को सख्ती से लागू करने के मुद्दे भी उठाए गए।
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जिले में केवल जागरूकता गतिविधियां ही नहीं, बल्कि नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जा रहा है। शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों के 100 गज के दायरे को तंबाकू मुक्त रखने, वहां सूचना पट्ट लगाने तथा इस क्षेत्र में तंबाकू उत्पाद बेचने वाली दुकानों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला और ब्लॉक स्तर पर गठित फ्लाइंग स्क्वॉड विशेष प्रवर्तन अभियान चलाएंगे। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र के सभी राजस्व गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और सांस संबंधी कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। विशेषकर युवाओं को इसकी लत से बचाने के लिए तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने पंचायतों से गांवों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अधिकारी श्रवण डोगरा ने कहा कि विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से पंचायत स्तर पर तंबाकू नियंत्रण नियमों की पालना की समीक्षा करने और लोगों को जागरूक करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि सभी पंचायतों ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
उल्लेखनीय है कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तीसरे चरण में ऊना जिले के 112 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया था। इस उपलब्धि के साथ ऊना जिला पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा था।
